राजनांदगांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 9 जनवरी। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली की 10 लाख की दो ईनामी महिला नक्सलियों ने गढ़चिरौली पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को आत्मसमर्पण करने वाली महिला नक्सलियों में शामला झुरू पोडो उर्फ लीला (36) एटापल्ली जिला गढ़चिरौली तथा काजल मंगरू वड्डे उर्फ लिम्मी (24)भामरागढ़ जिला गढ़चिरौली बताए जा रहे हैं। शामला झुरू कंपनी क्र. 10 पीपीसीएम में सेक्शन कमांडर के रूप में कार्यरत थी।
वहीं काजल मंगरू भामरागढ़ दलम में सदस्य के रूप में कार्यरत है। शामला झुरू सितंबर 2024 में मुठभेड़ सहित अन्य मामलों में आरोपी है। उसके खिलाफ मुठभेड़ के 21, आगजनी के 6 तथा अन्य 18 इस प्रकार कुल 45 अपराध दर्ज हैं।
इसी तरह काजल मंगरू के खिलाफ 8 अपराध दर्ज हैं। मुठभेड़ के 4, आगजनी का एक तथा 3 अन्य अपराध दर्ज हैं। महाराष्ट्र शासन ने दोनों पर क्रमश: 8 तथा 2 लाख रुपए का ईनाम घोषित किया है।
सूत्रों का कहना है कि नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे और महाराष्ट्र शासन की पुनर्वास योजना से प्रभावित होकर गढ़चिरौली पुलिस के सामने 700 से अधिक नक्सली समर्पण कर चुके हैं। हाल ही में मुख्यमंत्री के गढ़चिरौली दौरे के दौरान लाखां रुपए के ईनामी नक्सलियों ने हथियार छोडक़र समाज की मुख्यधारा में लौट गए।