राजनांदगांव

रामपुर खरीदी केंद्र में साढ़े 6 हजार बोरा धान पाया गया फर्जी
08-Jan-2025 2:14 PM
रामपुर खरीदी केंद्र में साढ़े 6 हजार  बोरा धान पाया गया फर्जी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 8 जनवरी।
धान खरीदी केन्द्र रामपुर में लगभग 6768 बोरा धान प्रथम दृष्टया फर्जी खरीदी किया जाना पाया गया। कलेक्टर ने संबंधितों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इधर जिले के धान उपार्जन केन्द्रों में धान खरीदी का कार्य तेजी से किया जा रहा है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर अधिकारियों द्वारा धान उपार्जन केन्द्रों में औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है।

डोंगरगांव विकासखंड अंतर्गत धान उपार्जन केन्द्रों के निरीक्षण के दौरान सेवा सहकारी समिति मर्यादित रामपुर द्वारा संचालित धान खरीदी केन्द्र रामपुर का खाद्य विभाग के संयुक्त जांच दल द्वारा निरीक्षण एवं भौतिक सत्यापन किया गया। निरीक्षण दौरान मौके पर समिति प्रबंधक सह धान खरीदी प्रभारी दिलीप चंद्राकर, ऑपरेटर नरेन्द्र वर्मा उपस्थित थे। निरीक्षण में धान खरीदी केन्द्र रामपुर में लगभग 6768 बोरा धान प्रथम दृष्टया फर्जी खरीदी किया जाना पाया गया। कलेक्टर अग्रवाल ने धान उपार्जन केन्द्र रामपुर के सबंधित कर्मचारियों के विरूद्ध वैधानिक कार्रवाई करने हेतु मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित राजनांदगाव को निर्देशित किया है। राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले के समस्त धान उपार्जन केन्द्रों का भौतिक सत्यापन संयुक्त जांच दल का गठन कर किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान अनियमितता पाए जाने पर संबंधितों के विरूद्ध कार्रवाई की जा रही है। 
 


अन्य पोस्ट