राजनांदगांव

दिल्ली के कोहरे से ट्रेनों के रफ्तार पर लगा ब्रेक
06-Jan-2025 1:45 PM
दिल्ली के कोहरे से ट्रेनों के रफ्तार पर लगा ब्रेक

छत्तीसगढ़, गोंडवाना चल रही 12-12 घंटे देरी से

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 6 जनवरी।
उत्तर भारत को जोडऩे वाली कई ट्रेनों की रफ्तार पर घने कोहरे ने ब्रेक लगा दिया है। दिल्ली और पंजाब में बढ़ते कोहरे से छत्तीसगढ़ से जाने वाली दो प्रमुख ट्रेनें छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस और रायगढ़ निजामुद्दीन गोंडवाना एक्सप्रेस का समय बिगड़ गया है।  लगातार उक्त दोनों ट्रेन घंटों देरी से पहुंच रही है। अप और डाउन दिशा की ट्रेनों का वक्त बिगडऩे से मुसाफिरों की परेशानी बढ़ गई है। 

मिली जानकारी के मुताबिक अमृतसर-बिलासपुर डाउन दिशा की छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस 14 घंटे की देरी से चल रही है। जबकि गोंडवाना एक्सप्रेस बीती रात को निर्धारित वक्त से 10 घंटे की देरी से रात 10.30 बजे रायगढ़ की ओर बढ़ी। बताया जा रहा है कि उत्तर भारत में कड़ाके की सर्दी के साथ घना कोहरा छाया हुआ है। सर्दी के सितंब से परेशान मुसाफिरों को स्टेशन में समय काटना पड़ रहा है। छत्तीसगढ़ और गोंडवाना एक्सप्रेस राज्य की दो प्रमुख ट्रेनें है। बड़ी संख्या में दोनों ट्रेन से सैकड़ों यात्री दिल्ली, हरियाणा, आगरा और पंजाब तक सफर करते हैं। ऐसे में दोनों ट्रेन के बेसमय होने से यात्रियों को रातों में कंपकपाते हुए इंतजार करना पड़ रहा है। 

इधर,  दोनों लंबी दूरी की ट्रेन का समय प्रभावित होने के कारण यात्री टिकट कैंसिल भी करा रहे हैं। सर्द मौसम में सैर-सपाटे पर जाने वाले परिवार टिकट कैंसिल कराकर दूसरे विकल्प से आगे बढ़ रहे हैं।

मुसाफिरों को उठानी पड़ रही दिक्कतें
घने कोहरे और ट्रेनों की लेट-लतीफी से लंबा सफर करने वाले मुसाफिरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं ट्रेनों के पहिये घंटों देरी से चलने से मुसाफिर सफर पर ब्रेक भी लगा रहे हैं। सफर के दौरान बच्चों और बुजुर्ग वर्ग के लोगों को कड़ाके की ठंड से स्टेशनों में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
 


अन्य पोस्ट