राजनांदगांव

गिरजाघरों में नए वर्ष पर विशेष प्रार्थना, मस्ती में दिखा युवा वर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 1 जनवरी। नए वर्ष का स्वागत में बुधवार को मंदिर, गिरजाघरों में परिवारों संग लोगों का हुजूम नजर आया। मंदिरों में जहां परिवार को लेकर लोगों ने साल की शुरूआत की। दिनभर पूजा-अर्चना का मंदिरों में दौर चला। शहर के बड़े मंदिरों के अलावा डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी के दर्शनार्थ करते पहला दिन भक्तिमय वातावरण में गुजारा।
इधर, गिरजाघरों में नववर्ष के लिए विशेष आराधनाएं की गई। ईसाई समुदाय क्रिसमस पर्व के अलावा नए वर्ष का भी जश्न मनाता है। स्थानीय गिरजाघरों में देर रात तक नए साल के आगमन और पुराने वर्ष की बिदाई के लिए लोगों ने धार्मिक प्रवचन में भाग लिया। इस बीच युवा वर्ग भी मस्ती में नजर आया। रेस्टोरेंट, होटलों और ढाबों में लोगों ने स्वादिष्ट खानपान के जरिये खुशी का इजहार किया।
शहर के बड़े होटलों में परिवार संग लोग दावत करते नजर आए। वहीं शहर के बाहर के ढाबों में भी युवा टोली गीत-संगीत का लुत्फ उठाते खानपान में मस्त रही। बुधवार की सुबह से शहर के गार्डन और अन्य मनोरंजक स्थल में लोगों के पहुंचने का सिलसिला रहा। स्थानीय चौपाटी के सरोवर में परिवार समेत लोगों ने स्वचलित बोट का आनंद उठाया। छोटे बच्चों ने झूलों और खेल के संसाधनों में मस्ती करते समय व्यतीत किया। परिवार के लोगों ने बच्चों के पसंदीदा खानपान का स्वाद चखाया। इससे पहले मौजूदा साल के अखिरी दिन 31 दिसंबर की शाम ढलते ही युवाओं ने सडक़ों और गलियों में गीत-संगीत में थिरकते हुए पुराने वर्ष को बिदाई दी। वहीं रात 12 बजते ही नए वर्ष के स्वागत में फटाखे फोड़े गए। घरों में भी नए वर्ष के स्वागत के लिए आधी रात तक परिवार के लोग नाचते-झूमते रहे।
नववर्ष के आगाज करने के लिए परिवार के लोगों ने आज पूरे दिन धमाचौकड़ी के माहौल के बीच आनंद लिया। बुधवार होने की वजह से साल का पहला दिन खास रहा। परिवार के साथ रहते हुए लोगों ने काफी राहत महसूस की। साल 2024 में अच्छे कार्यों और सफलता का फासला तय करने के लिए लोगों ने एक-दूसरे को बधाई भी दी।
पिछले कुछ साल में नववर्ष के स्वागत में हर तबका आतुर नजर आता रहा है। यही कारण है कि आज पूरा दिन पारिवारिक माहौल में रहते हुए लोगों ने नववर्ष का तहेदिल से स्वागत किया।
हुड़दंगियों पर रही पुलिस की नजर
साल 2024 की विदाई की आखिरी रात को पुलिस की तगड़ी बंदोबस्त रही। हुड़दंगियों पर नजर रखने के अलावा पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्ती करने के लिए जोरदार अभियान चलाया।
ब्रेथ एनलाईजर मशीन से पुलिस ने लोगों की जांच की। सूत्रों का कहना है कि पुलिस ने आधी रात तक चौक-चौराहों में उपद्रवी मिजाज के युवकों पर नकेल कसने के लिए कड़ी कार्रवाई की। जिसमें पुलिस ने कुछ लोगों को समझाईश देकर छोड़ दिया, लेकिन 3 सवारी मोटर साइकिल चलाने वालों के विरूद्ध पुलिस का रूख सख्त रहा।
राजनांदगांव एसपी मोहित गर्ग के निर्देश पर यातायात पुलिस ने पिछले कुछ दिनों में बेतरतीब पार्किंग करने वालों पर भी सख्ती बरती है। जिसके चलते शहर के भीतरी इलाकों के रास्तों में अब जाम की समस्या दूर नजर आ रही है।