राजनांदगांव

मुद्दा उठाए जाने से डर जाती है भाजपा सरकार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 1 जनवरी। कांग्रेस कमेटी शहर दक्षिण ब्लॉक के अध्यक्ष सूर्यकांत जैन ने जारी बयान में कहा कि केंद्र के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नीत भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय नीत भाजपा सरकार जनहित के हर मोर्चे पर फेल साबित हो रहे हैं। कांग्रेस द्वारा लगातार जनहित में मुद्दा उठाए जाने से भाजपा संगठन और पार्टी की धडक़न बढ़ जाती है। इन दिनों इनकी धडक़न और तेज हो गई है, क्योंकि जनहित के मुद्दों को कांग्रेस जोरशोर से उठा रही है। खिसयानी बिल्ली खम्बा नोचे के तर्ज पर विपक्ष के किसी नेता को जेल भिजवा रही है तो किसी को किसी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवा रही है। कुछ दिन पहले कांग्रेस के शीर्ष नेता राहुल गांधी के खिलाफ प्राथमिक दर्ज कराई गई है।
श्री जैन ने कहा कि छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार और केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार इतना तो सत्य है कि देश की प्रबुद्ध जनता की नजरों में गिर चुकी है। देश की जनता महंगाई से बुरी तरह त्रस्त है। केंद्र में कांग्रेस सरकार थी, तब देश के प्रमुख अर्थशास्त्री मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री थे। उस समय महंगाई ऐसी अनाप-शनाप नहीं थी। नियंत्रण में थी भाजपा सरकार के पास महंगाई नियंत्रण के लिए योजना ही नहीं है। सरकार को डर है कि आगामी त्रि-स्तरीय पंचायती राज चुनाव और नगरी निकाय चुनाव के परिणाम भाजपा के खिलाफ जाएंगे, इसलिए बहानेबाजी करके टालते जा रही है। छत्तीसगढ़ में समर्थन दर पर धान खरीदी योजना में भी भाजपा सरकार की असफलता दिखाई दे रही है। किसान खुद को ठगा महसूस कर रहा है। सोसाइटी में बफर लिमिट से ज्यादा धान हो गया है और धान उपार्जन केंद्रों में धान उठाने में शासन प्रशासन के पसीना छूट रहा हैं।