राजनांदगांव

वर्धमान नगर उद्यान में बनेगा अटल परिसर
24-Dec-2024 3:39 PM
वर्धमान नगर उद्यान में बनेगा अटल परिसर

  मुख्यमंत्री और मंत्री अटल जयंती पर कल करेंगे वर्चुअल शिलान्यास, विस अध्यक्ष की उपस्थिति में होगा सीधा प्रसारण  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 24 दिसंबर।
अटल परिसर निर्माण योजनांतर्गत प्रदेश के समस्त नगरीय निकायों में अटल परिसर निर्माण प्रस्तावित है। निकायो में अटल परिसर निर्माण के लिए 25 दिसम्बर को अटल जयंती पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं उप मुख्यमंत्री व नगरीय प्रशासन मंत्री अरूण साव द्वारा वर्चुअल शिलान्यास किया जाएगा। अटल परिसर निर्माण के लिए नगर निगम द्वारा वर्धमान नगर जीई रोड उद्यान के पास आयोजित कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की उपस्थिति मेें सीधा प्रसारण होगा।

नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने बताया कि अटल परिसर निर्माण योजनांतर्गत प्रदेश के समस्त नगरीय निकायो में अटल परिसर निर्माण किए जाने नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा निर्देश प्राप्त हुए हैं। निर्देश के अनुक्रम में नगर निगम राजनांदगांव द्वारा भी अटल परिसर का निर्माण किया जाना है। अटल परिसर निर्माण के लिए शासन मापदंड अनुसार स्थल चयन कर जीई रोड वर्धमान नगर मनराज होंडा के पास निर्मित उद्यान में निर्माण किया जाएगा।

आयुक्त श्री विश्वकर्मा ने बताया कि प्रदेश के नगरीय निकायों में अटल परिसर निर्माण के लिए अटल जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में 25 दिसंबर को दोपहर 2 बजे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं उप मुख्यमंत्री व नगरीय प्रशासन मंत्री अरूण साव द्वारा वर्चुअल शिलान्यास किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि नगर निगम राजनांदगांव द्वारा अटल परिसर निर्माण के लिए चयनित स्थल जी.ई.रोड मनराज होण्डा के पास उद्यान में आयोजित कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह सहित सांसद संतोष पाण्डे, महापौर हेमा सुदेश देशमुख, निगम अध्यक्ष हरिनारायण पप्पू धकेता व नेता प्रतिपक्ष किशुन यदु तथा जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में मुख्यमंत्री एवं उप मुख्यमंत्री व नगरीय प्रशसन मंत्री द्वारा वर्चुअल शिलन्यास समारोह का सीधा प्रसारण किया जाएगा। आयुक्त विश्वकर्मा ने 25 दिसम्बर को जी.ई.रोड मनराज होण्डा के सामने उद्यान में दोपहर 2 बजे आयोजित कार्यक्रम में पार्षदों, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, पत्रकार बंधुओं तथा अधिकारियों व कर्मचारियों से उपस्थिति की अपील की है। 
 


अन्य पोस्ट