राजनांदगांव

प्रार्थना सभा में पहुंचे बजरंगियों ने किया हंगामा
22-Dec-2024 1:56 PM
प्रार्थना सभा में पहुंचे बजरंगियों ने किया हंगामा

एक दंपत्ति पर मतांतरण का लगाया आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 22 दिसंबर।
शहर के पेंड्री इलाके के एक मकान में प्रार्थना सभा के दौरान पहुंचे बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने हंगामा खड़ा कर दिया। बजरंगियों का आरोप है कि प्रार्थना के नाम पर मतांतरण का खेल चल रहा है। एक धर्म विशेष से जुड़े कई लोग प्रार्थना के लिए जुटे हुए थे, जिसमें एक दंपत्ति की निगरानी में प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया था।
बताया जा रहा है कि दंपत्ति की ओर से बीते दो माह से एक सामाजिक भवन में प्रार्थना सभा का आयोजन किया जा रहा था। मतांतरण का आरोप लगाते बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने आपत्ति की। पुलिस ने शिकायत के बाद दंपत्ति को थाना में सुरक्षित रखा गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक पेंड्री वार्ड के एक सामाजिक भवन में 40 से 50 लोग प्रार्थना कर रहे थे। सभा का नेतृत्व महेन्द्र मंडले और प्रभा मंडले कर रहे थे।
प्रार्थना सभा में शामिल होने वाले लोग आसपास के ग्रामीण हैं। मंतातरण को लेकर लोगों को उकसाने का भी दंपत्ति पर आरोप लगा है। दीनहीन और विभिन्न बीमारियों से ग्रसित लोगों को प्रार्थना के जरिये स्वस्थ करने का दावा भी दंपत्ति की ओर से किया जा रहा था। बढ़ते विवाद के बीच दंपत्ति को पुलिस थाना ले आई। बजरंग दल के जिला संयोजक सुनील सेन ने पूरे मामले को लेकर प्रशासन से कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। सीएसपी पुष्पेन्द्र नायक का कहना है कि शिकायत के बाद जांच की जा रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।
 


अन्य पोस्ट