राजनांदगांव

जिला हॉकी संघ की बैठक आयोजित, लिए गए विभिन्न निर्णय
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 21 दिसंबर। जिला हॉकी संघ राजनांदगांव की आवश्यक बैठक संघ के अध्यक्ष फिरोज अंसारी की अध्यक्षता व सचिव शिवनारायण धकेता की उपस्थिति में 19 दिसंबर को म्युनिसिपल स्कूल परिसर स्थित छत्तीसगढ़ हॉकी कार्यालय में आयोजित हुई।
बैठक में संघ के अध्यक्ष श्री अंसारी ने पिछले वर्ष में किए गए हॉकी के विकास कार्य की जानकारी देते इस वर्ष भी संघ को जो दायित्व मिले हैं, उसे पूर्ण करने सभी को एकजुट होकर कार्य करने का सुझाव देते कहा कि आगामी वर्ष 2025 में सर्वेश्वर दास स्मृति अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता फरवरी माह में आयोजित कराने हेतु समिति अध्यक्ष कलेक्टर से मांग की जाएगी। साथ ही उच्च स्तर पर पत्रचार आयोजन हेतु पहल की जाएगी। वहीं प्रतियोगिता तैयारी को लेकर भी चर्चा की गई। उन्होंने एस्ट्रोटर्फ के संबंध में अब तक किए गए प्रयास के बारे में जानकार दी। साथ ही फ्लड लाइट व एस्ट्रोटर्फ के बदलाव के लिए सदस्य, जनप्रतिनिधि, प्रशासन व शासन स्तर पर सतत संपर्क बनाकर इस दिशा में कार्य को आगे बढ़ाने का प्रयास करने का निर्णय लिया गया। आगामी वर्ष 2025 में जिला हॉकी संघ राजनांदगांव द्वारा लीग हॉकी प्रतियोगिता जनवरी माह में आयोजित होना बताया।
राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में 38 खिलाडिय़ों ने लिया हिस्सा
संघ के सचिव शिवनारायण धकेता ने बताया कि इस वर्ष हॉकी नर्सरी के सीनियर पुरूष वर्ग में 7, सीनियर महिला वर्ग में 6, जूनियर बालक वर्ग में 4, जूनियर बालिका वर्ग में 6, सब-जूनियर बालक वर्ग में 6 तथा सब जूनियर बालिका वर्ग में 9 कुल 38 खिलाडिय़ों ने हॉकी इंडिया की राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में भाग लेकर शहर को गौरान्वित किया। उक्त सभी खिलाडिय़ों का सम्मान संघ की आगामी आमसभा में किया जाएगा। आगामी 22 से 29 दिसंबर तक आयोजित छत्तीसगढ़ लीग हॉकी प्रतियोगिता हेतु पत्र प्राप्त होने की जानकारी दी गई। जिसमें जिला हॉकी संघ ने हर संभव मदद करने की बात कही। वहीं पिछले दिनों आयोजित सीनियर मॉर्निंग ग्रुप 7 ए साइड हॉकी प्रतियोगिता संपन्न कराने आयोजन समिति को धन्यवाद ज्ञापित किया।
बैठक में जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष फिरोज अंसारी, सचिव शिवनारायाण धकेता, नीलमचंद जैन, ऑशा थामस, गणेश प्रसाद शर्मा, कुमार स्वामी, अब्दुल कादिर, महेन्द्र ठाकुर, प्रिंस भाटिया, ममता गुप्ता, अनुराज श्रीवास्तव, मृणाल चौबे, तुलसी सिन्हा, शकिल अहमद, जावेद खान, आशिष सिन्हा, मनीष सोनी, कृष्णा यादव आदि उपस्थित थे।