राजनांदगांव
पूर्व सांसद ने गातापार धान संग्रहण केंद्र का किया निरीक्षण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 7 दिसंबर। पूर्व सांसद मधुसूदन यादव ने गुरुवार को धान संग्रहण केंद्र गातापार का निरीक्षण किया। इस दौरान स्थानीय वरिष्ठ भाजपा नेता जोगी साहू मौजूद रहे।
पूर्व सांसद ने धान संग्रहण केंद्र का भ्रमण कर धान बेचने पहुंचे किसानों से चर्चा की। किसानों ने पूर्व सांसद को बताया कि सर्वर स्लो होने की वजह से ऑनलाइन टोकन लेने में कुछ जगहों पर परेशानी हो रही है, लेकिन एक बार टोकन मिल जाने के बाद धान आसानी से बेच पा रहे हैं और उसका भुगतान भी दो-तीन दिन बाद खाते में आ जाता है। ऑनलाइन और ऑफलाइन टोकन का प्रतिशत निश्चित होने से किसान सुविधाजनक माध्यम से टोकन ले पा रहे हैं।
पूर्व सांसद ने किसानों को आश्वस्त करते कहा कि विष्णुदेव साय सरकार पंजीकृत किसानों के धान का एक-एक दाना खरीदने प्रतिबद्ध है और वादे के अनुरूप रूप समर्थन मूल्य का पैसा 72 घंटे के भीतर उन्हें प्राप्त हो रहा है । शेष बोनस का पैसा पिछले वर्ष की भांति इस बार भी किसानों के खाते में एकमुश्त जमा किया जाएगा। पूर्व सांसद श्री यादव ने कांग्रेसियों के धान खरीदी केंद्र चलो अभियान को पूरी तरह फ्लॉप शो करार दिया है।
उन्होंने कहा है कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के किसान विरोधी शासनकाल में किस तरह किसानों को बोनस की राशि चार किस्तों में रूला-रूलाकर दी जाती थी। बारदाने की आपूर्ति में कटौती की जाती थी। खेत के रकबे में मेड़ दर्शाकर रकबे में कटौती की जाती थी। सोसायटियों में कृत्रिम किल्लत दिखाकर खुले बाजार में महंगे खाद, बीज और वर्मी कंपोस्ट खरीदने के लिए किसानों को मजबूर किया जाता था। प्रतिवर्ष दिसंबर से धान खरीदी प्रारंभ कर किसानों को परेशान किया जाता था। पूर्व सांसद श्री यादव ने कटाक्ष करते पूछा है कि सत्ता के नशे में डूबे कांग्रेसी नेताओं ने तब मौन क्यों धारण किया था और अब सत्ता के बदलते ही उन्हें किसानों के दर्द का अहसास होने लगा है।


