राजनांदगांव

धान खरीदी, भाजपा सरकार की नीयत सही नहीं - कांग्रेस
04-Dec-2024 2:26 PM
धान खरीदी, भाजपा सरकार  की नीयत सही नहीं - कांग्रेस

मोहारा-कन्हारपुरी धान खरीदी केन्द्र का निरीक्षण, किसानों से कठिनाइयों पर की चर्चा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 4 दिसंबर।
प्रदेशभर में किसानों से समर्थन मूल्य पर प्रशासनिक व्यवस्था से धान खरीदी हो रही विभिन्न समस्याओं तथा भाजपा के चुनावी संकल्प पत्र में किए गए वादे अनुरूप 21 क्विंटल प्रति एकड़ की खरीदी नहीं होने, 3100 रुपए क्विंटल का वादा कर 2300 रुपए का भुगतान, तौल में कमी (सूखत पड़त), धान खरीदी केन्द्रों में पानी, प्रसाधन, ऑनलाइन टोकन में समय की कमी, बारदाने की कमी, एकमुश्त भुगतान के मामले को लेकर कांग्रेस कमेटी द्वारा 3 दिसंबर को प्रदेशभर में धान खरीदी केन्द्र चलो अभियान चलाया गया।

शहर कांग्रेस कमेटी के महामंत्री अमित चंद्रवंशी ने बताया कि भाजपाराज में धान खरीदी केन्द्रों का बुरा हाल है। धान बेचने आए किसानों को समस्याओं, कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदेश कांग्रेस द्वारा नियुक्त प्रभारी जिले के वरिष्ठ विधायक दलेश्वर साहू, शहर जिला कांग्रेस प्रभारी बृजेश शर्मा व शहर कांग्रेेस अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा के नेतृत्व में कांग्रेसजनों द्वारा शहर के मोहारा व कन्हारपुरी वार्ड स्थित धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण किया। वहीं किसानों को धान बेचने में आ रही कठिनाइयों व समस्याओं से रूबरू हुए। किसानों ने बताया कि ऑनलाइन व ऑफलाइन टोकन में अंतर, बारदाना की किल्लत सहित कई समस्याएं आ रही है। किसानों की समस्याओं को सुनकर विधायक दलेश्वर साहू ने प्रशासनिक अमले को सुधार लाने कहा।

विधायक दलेश्वर साहू ने निरीक्षण के दौरान कहा कि छग की भाजपा सरकार धान खरीदी में गड़बडी कर रही है। किसानों को ऑनलाइन केन्द्रों में टोकन के लिए 50 रूपए देना पड़ रहा है। बारदाने की किल्लत, रजिस्टर मेंटनेस, सूची चस्पा नहीं किया जा रहा है। जिसके कारण किसानों को परेशानी उठानी पड़ रही है। तौल में गड़बड़ी हो रही है। इसी तरह धान के परिवहन स्थिति भी लगातार लचर बनी हुई है, जिस ओर ध्यान देने की आवश्यकता है।

शहर जिला कांग्रेस प्रभारी बृजेश शर्मा ने कहा कि आनलाइन टोकन मात्र 30 सेकंड के लिए खुलता है, उसके पश्चात सर्वर डाउन की स्थिति बनी रहती है। वहीं ग्राहक सेवा केन्द्र में टोकन के लिए 50 से 100 रुपए लिया जा रहा है। धान की तौल में शिकायत, प्रसाधन व शौचालय की उचित व्यवस्था नहीं है। भाजपा सरकार किसानों को समर्थन मूल्य में एकमुश्त भुगतान का वादा किया था, जो पूरी तरह से मुकर चुकी है। एक साल में ही भाजपा सरकार की कथनी और करनी में अंतर स्पष्ट दिख रहा है।

शहर अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा ने कहा कि धान बेचने में किसानों को लगातार समस्याएं आ रही है। वहीं भाजपा सरकार वादा खिलाफी कर रही है और किसानों को गुमराह किया जा रहा है। धान खरीदी में भाजपा सरकार की नियत खराब है। ऑनलाइन टोकन कर किसानों को घुमाया जा रहा है। इस कारण काफी पहले से कटा हुआ धान सूख रहा है। जिसके कारण किसानों को लागत भी नहीं निकल पा रही है।

इस दौरान महापौर हेमा देशमुख समेत रमेश डाकलिया, कमलजीत सिंह पिन्टू, गुलाब वर्मा, मदन साहू, मोहम्मद यहया, आसिफ अली, सूर्यकांत जैन, अमित खंडेलवाल, विरेन्द्र चंद्राकर, दिनेश भानुशाली, अशोक फडऩवीस, मनीष गौतम, प्रज्ञा गुप्ता, दुलारी साहू, महेश साहू, मनीष साहू, गणेश पवार, भोला यादव, योगेन्द्र वैष्णव, सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित थे।
 


अन्य पोस्ट