राजनांदगांव

कल ‘छोटी दीवाली’ के लिए बाजार में हलचल
11-Nov-2024 2:41 PM
कल ‘छोटी दीवाली’ के लिए बाजार में हलचल

 मंगलवार को तुलसी विवाह पर्व के बाद शुरू होंगे मांगलिक कार्य

छत्तीसगढ़ संवाददाता

राजनांदगांव, 11 नवंबर। कल मंगलवार को ‘छोटी दिवाली’ यानी जेठाऊनी पर्व के लिए बाजार में हलचल शुरू हो गई है। दीपावली त्यौहार के बाद 12वें दिन देवउठनी पर्व मनाया जाता है। इस पर्व को तुलसी विवाह भी कहा जाता है। जेठाऊनी पर्व को दिवाली त्यौहार को छोटे रूप की संज्ञा दी जाती है। घरों में त्यौहार के मौके पर दंपत्तियों के सात फेरे भी कराए जाते हंै।

ऐसी मान्यता है कि तुलसी का फेरा करने से जोड़ो की आयु लंबी होती है। वहीं घर-परिवार में समृद्धि भी आती है। तुलसी विवाह में घरों में खास व्यंजन तैयार किए जाते हैं। दीपावली पर्व की तरह घरों की सजावट की जाती है। साथ ही आंगन को गोबर से लीपने के बाद आकर्षक रंगोली से सजाया जाता है। पर्व में पटाखे भी फोड़े जाते है। इधर देवउठनी पर्व को देवी-देवताओं के जागने से भी जोड़ा जाता है। ऐसी मान्यता है कि इस दिन के बाद मांगलिक कार्य किए जा सकते हैं। इस पर्व के बाद से वैवाहिक कार्यक्रमों की शुरूआत होती है। तुलसी विवाह के बाद ही शुभ कार्य किए जाते हैं। इस बीच बाजार में पर्व के चलते कारोबारी हलचल दिख रही है। देवउठनी पर्व पर लोग कपड़ा, आभूषण व बर्तनों की खरीदी भी करते हैं। तुलसी विवाह का नजारा दिवाली जैसा ही दिखाई देता है।


अन्य पोस्ट