राजनांदगांव

गर्म कपड़ों का बाजार सजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 11 नवंबर। दीपावली पर्व और मौसम में तब्दीली के बाद ठंड का असर शुरू हो गया है। अलसुबह मैदानी इलाकों में कोहरे का नजारा दिखने लगा है। वहीं पेड़ के पत्तों और घास में ओस की बूंदे सूर्य की किरणों में मोती जैसे चमकने लगे हैं। इधर ठंड का असर शुरू होने से पहले ही बाजार में गर्म कपड़ों की दुकानें भी सजकर तैयार है, जहां लोग गर्म कपड़ों की खरीदी करने पहुंचने लगे हैं। सुबह मार्निंग वॉक और व्यायाम करने वालों की संख्या में भी कमी आने लगी है। वहीं अवकाश के दिनों में शहर के पार्कों और गार्डनों में बच्चों और बुजुर्गों की भीड़ भी देखने को मिल रही है।
देश की उत्तरी इलाकों से आ रही ठंडी हवाओं से जिले के तापमान गिर रहा है। पिछले दो दिनों से सुबह के वक्त में ठंडी हवाएं चल रही है। धीरे-धीरे ठिठुरन बढऩे का क्रम शुरू होने का सिलसिला शुरू होने की संभावना है। ठंड की दस्तक के साथ लोगों की दिनचर्या पर भी असर दिखने लगा है। उधर तिब्बत शरणार्थियों की पारंपरिक सालाना दुकानों में ग्राहकी बढ़ रही है। ठंड की शुरूआत के साथ गर्म कपड़ों का बाजार सज गया है।
स्थानीय फ्लाई ओवर के नीचे तिब्बती समुदाय के लोगों ने गर्म कपड़ों का बाजार जमा लिया है। इस साल मौसम विभाग ने कड़ाके की सर्दी पडऩे की संभावना जाहिर की है। नवंबर का पहला पखवाड़ा निकलने के बाद दूसरे पखवाड़े के शुरूआत में गिर रहे पारा से ठिठुरन बढऩे की संभावना प्रबल हो रही है। वहीं दिन में तापमान में आंशिक बढ़ोत्तरी हुई। इसके बावजूद सर्द हवाओं ने लोगों को हल्की ठंड का अहसास कराया। बताया जा रहा है कि नवंबर माह में सर्दीली हवाएं चलेंगी। इससे लोगों को सर्दी के मौसम में सावधानी बरतनी पड़ेगी। इस बीच ऊनी कपड़ों की खरीददारी बढ़ी है। उच्च किस्म के गर्म कपड़ों के दाम में भी बढ़ोत्तरी हुई है।