राजनांदगांव

जगमग हुआ घर-आंगन
30-Oct-2024 2:49 PM
जगमग हुआ घर-आंगन

दिवाली की खुशी में मिले लोग, पटाखों की रही धूम

छत्तीसगढ़ संवाददाता
राजनांदगांव, 30 अक्टूबर।
शहर एवं अंचल में दीपावली पर्व परंपरागत रूप से मनाया जा रहा है। मां लक्ष्मी की पूजा-अर्चना के लिए घर-आंगन में सजावट की तैयारी चल रही है। बच्चों समेत अन्य लोगों में दिवाली पर्व को लेकर जबर्दस्त उत्साह दिखाई दे रहा है। धनतेरस पर्व पर लोगों ने खुशहाली के लिए घर-घर दीये जलाए। कल दीपावली पर्व पर शुभ मुहूर्त पर व्यापारिक प्रतिष्ठानों में भी मां लक्ष्मी की विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। धनतेरस पर्व पर शाम होते ही घर और आंगन में कतारबद्ध दीये प्रज्जवलित किए गए। इसके अलावा कृत्रिम रौशनी से भी घरों को आकर्षक रूप दिया गया। इसके बाद पटाखों की गंूज पूरे क्षेत्र में सुनाई दी।

दिवाली पर्व पर घरों में जहां उत्साह का माहौल रहा। वहीं पटाखों को जलाने बच्चों समेत युवतियों में भी उत्साह दिखाई दिया। पर्व को लेकर लोगों ने घरों में पूजा-अर्चना करने के पश्चात मंदिरों में पूजा-अर्चना कर परिवार की खुशहाली की कामना की। इधर अंचल में भी किसानों ने भी पर्व को लेकर पूरी तैयारी की है। घरों में विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के साथ ही खेतों में भी पूजा-अर्चना करेंगे।

दिवाली के अवसर पर बच्चों के साथ परिवार वालों ने पटाखे की खरीदी करने बाजार पहुंचने लगे। इधर बाजार में पूजन सामग्रियों की दुकानें भी सजकर तैयार हो गई है। वहीं बाजार में फूल, दीया, लक्ष्मी जी की प्रतिमा व अन्य साज-सज्जा के सामान भी बिक्री के लिए पहुंच गए हैं। इसके अलावा घर-आंगन में सजावट के लिए रंगोली की दुकानें भी बिक्री के लिए सजकर तैयार है। इधर धनतेरस पर्व पर लोगों ने घर-आंगन में दीये व पटाखों जलाकर पंच पर्व का आगाज किया। इधर पर्व को लेकर बाजार में भी इस बार काफी चहल-पहल रही। बच्चों के लिए परिवार वालों ने चकरी, अनारदाना, बुलेट बम सहित छोटे-आकार के पटाखों की खरीदी करते देखे जा रहे हैं। पिछले कुछ साल में पटाखों के प्रति हर किसी का रूझान बढ़ा है।

बाजार में लक्ष्मी की प्रतिमा खरीदने के लिए गहमा-गहमी रही। मां लक्ष्मी की पूजा-अर्चना के लिए उपयोगी सामग्रियों की खरीदी करने लोग बाजार क्षेत्र में पहुंचने लगे हैं। इसके अलावा मिठाई दुकानों में भी लोगों की भीड़ देखी जा रही है। इधर शहर के अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। आदतन अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने पहले से ही धरपकड़ अभियान छेड़ रखा है। 
 


अन्य पोस्ट