राजनांदगांव

बलरामपुर में पुलिस प्रताडऩा से मौत, सीएम-गृहमंत्री का फूंका पुतला
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 28 अक्टूबर। बलरामपुर जिले में पुलिस अभिरक्षा एवं पुलिस प्रताडऩा से युवक गुरुचरण मंडल की हुई मौत व प्रदेश में लगातार बढ़ रही अपराधिक गतिविधियों को लेकर प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर शहर जिला कांग्रेस व ग्रामीण कांग्रेस कमेटी द्वारा भाजपा सरकार की लचर कानून व्यवस्था को लेकर 27 अक्टूबर को महावीर चौक पर मुख्यमंत्री व गृहमंत्री का पुतला फूंका।
शहर कांग्रेस कमेटी के महामंत्री अमित चद्रवंशी ने बताया कि छत्तीसगढ़ प्रदेश में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है। प्रदेश अराजकता की स्थिति बन रही है, पुलिस अभिरक्षा में युवक गुरुचरण मंडल का पुलिस की प्रताडऩा से हुई मौत को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देशानुसार शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा व जिला ग्रामीण अध्यक्ष भागवत साहू के नेतृत्व में महावीर चौक पर 27 अक्टूबर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय व गृहमंत्री विजय शर्मा का पुतला दहन किया गया।
शहर अध्यक्ष कुलबीर छाबड़ा ने प्रदेश की भाजपा सरकार को आड़े हाथ लेते कहा कि बलरामपुर में जिस प्रकार की घटना हुई वह बड़े ही शर्मनाक बात है। 10 माह में ही इस भाजपा सरकार से आम जनमानस भयभीत व डरे सहमे हुए हैं। पहले बालौदाबाजार में आक्रोशित भीड़ व असामाजिक तत्वों ने जिला कार्यालय को फूंक डाला था, जिसमें सरकार का खुफिया विभाग असफल साबित हुआ। क्रमश: इसके बाद कवर्धा में लोहारीडीह कांड में पुलिस अभिरक्षा में एक व्यक्ति की मौत हो गई। सरकार प्रदेशवासियों को सुरक्षा नहीं दे पा रही है। कांग्रेस पार्टी लगातार भाजपा सरकार के नाकामी को उजागर करने विभिन्न माध्यमों से धरना प्रदर्शन, छत्तीसगढ़ बंद के द्वारा कानून व्यवस्था की स्थिति को सुधार करने ्रदेश भाजपा सरकार के उपर आक्रमक रूप अख्तियार कर लगातार विरोध कर रही है। कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री इस्तीफा दें और गृहमंत्री को बर्खास्त किया जाए।
जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष भागवत साहू ने कहा कि भाजपा सरकार के राज में प्रदेश में चारों ओर अराजकता फैली हुई है। सरकार चलाने वाले कानून व्यवस्था को नहीं संभाल पा रहे हैं। जनता सरकार की क्षमता और पुलिस की दुर्भावनापूर्वक कार्यवाहियों के खिलाफ विद्रोह पर उतर आई है। प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है।
पुतला दहन में श्रीकिशन खंडेलवाल, रमेश डाकलिया, कुतबुद्दीन सोलंकी, रूपेश दुबे, थानेश्वर पाटिला, तथागत पांडेय, मोहम्मद यहया, झम्मन देवांगन, आसिफ अली, सूर्यकांत जैन, माया शर्मा, शकील रिजवी, जितेश सिमनकर, प्रभात गुप्ता, भोला यादव, मनीष गौतम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित थे।