राजनांदगांव

28 तक वृहद अभियान चलाने का आह्वान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 26 अक्टूबर। भाजपा द्वारा संगठन पर्व के तहत जारी सदस्यता अभियान अब अंतिम दौर में प्रवेश कर गया है। अंतिम दौर में पार्टी पूरी ताकत लगाकर सदस्यता अभियान के लिए मिले लक्ष्य को प्राप्त करने पूरजोर कोशिश शुरू कर दी है। इस संदर्भ में शुक्रवार को जिला भाजपा कार्यालय में प्रदेश सदस्यता अभियान प्रभारी अनुराग सिंहदेव समेत सह-प्रभारीद्वय नवीन मार्कंडेय व कमल गर्ग की उपस्थिति में पदाधिकारियों, सदस्यता अभियान प्रभारियों व मोर्चा-प्रकोष्ठों के अध्यक्षों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। जिसमें आने वाले तीन दिनों में सर्वस्पर्शी सदस्यता अभियान चलाकर जिले को मिले लक्ष्य को पूरा करने का आह्वान किया गया।
भाजपा मीडिया सेल के अनुसार बैठक के प्रारंभ में भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश पटेल ने सदस्यता अभियान के प्रगति की जानकारी दी। साथ ही मजबूत व कमजोर कार्यक्षेत्र का विवरण रखा और मंडल अध्यक्षों से लक्ष्य के प्रति जवाबदेही से काम करने का आग्रह किया। प्रदेश में सदस्यता अभियान के प्रमुख अनुराग सिंहदेव ने प्रत्येक मंडल अध्यक्षों से उनके मंडलों में सदस्यता अभियान को लेकर किए गए कार्यों की पूछताछ की। प्रत्येक मतदान केन्द्र में 200 सदस्य बनाने के लक्ष्य की पूर्ति संबंधी जवाब-तलब किया, बचे वार्डों में शीघ्र ही इस लक्ष्य को पूरा करने का निर्देश दिया।
श्री सिंहदेव ने मोर्चा अध्यक्षों से भी बात की, उनके द्वारा किए गए कार्यों की जानकारी ली तथा लक्ष्य के लिए बचे कार्यों को पूरा करने कहा। श्री सिंहदेव ने सर्वस्पर्शी सदस्यता अभियान 26, 27 व 28 अक्टूबर को वृहद पैमाने पर शक्ति केन्द्रों से लेकर मतदान केन्द्रों व सार्वजनिक स्थानों पर चलाने का आह्वान करते कहा कि राजनांदगांव जिले के कार्यकर्ताओं की क्षमता अपार है। इससे पूरे प्रदेश का संगठन परिचित है, यदि कार्यकर्ता ठान ले तो तीन दिनों के भीतर ही बचे लक्ष्य को पूरा किया जा सकता है। उन्होंने लक्ष्य पूर्ति के लिए विशेष टास्क दिया व जिलेभर के सदस्यता अभियान की व्यापक समीक्षा की।
इस दौरान भरत वर्मा, सचिन सिंह बघेल, संतोष अग्रवाल, मूलचंद लोधी, शिव वर्मा, मोनू बहादुर सिंह, आलोक श्रोती, आकाश चोपड़ा, बोधन साहू, तरूण लहरवानी, अतुल रायजादा, गोलू सूर्यवंशी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।