राजनांदगांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 22 अक्टूबर। जिलेभर में चलाया गया नवा बिहान के तहत सायबर जागरूकता पखवाड़ा का 15 दिनों बाद 19 अक्टूबर को समापन हुआ। केंद्र व राज्य शासन के मंशानुरूप राजनांदगांव पुलिस द्वारा नवा बिहान के तहत एसपी मोहित गर्ग के निर्देशन में 5 से 19 अक्टूबर तक सायबर जागरूकता अभियान चलाया गया।
मिली जानकारी के अनुसार सायबर जनजागरूकता पखवाड़ा अभियान एवं नशामुक्ति अभियान में अब तक करीब एक लाख से अधिक लोगों को स्पीच, होडिंग, पोस्टर, पाम्प्लेट एवं सोशल मीडिया के माध्यम से जागरूक किया गया। साथ ही जिलेभर में सायबर जागरूकता रथ चलाया गया। जिसको मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विस अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह द्वारा 15 अक्टूबर को म्युनिसिपल स्कूल मैदान में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। दशहरा पर्व के दौरान शहर के म्युनिसिपल स्कूल, स्टेट स्कूल, कमला कॉलेज एवं अन्य प्रमुख जगहों पर आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोगों को स्पीच के माध्यम से एवं एलईडी वाल पर सायबर जागरूकता के संबंध में प्रजेन्टेशन व हेल्पलाइन नंबर 1930 और सायबर पोर्टल का प्रचार-प्रसार किया गया। वहीं नवरात्र पर्व पर जिलेभर में आयोजित विभिन्न आयोजनों के दौरान लोगों को जागरूकता स्पीच एवं और पोस्टर व पाम्प्लेट बांटे गए और लोगों को सायबर ठगी से बचने जानकारी दी गई।