राजनांदगांव

पत्रकारवार्ता में कांग्रेस शहर अध्यक्ष छाबड़ा ने लगाए आयुक्त पर आरोप
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 20 अक्टूबर। शहर कांग्रेस अध्यक्ष व वरिष्ठ पार्षद कुलबीर छाबड़ा ने नगर निगम आयुक्त पर नागरिकों से प्रताडि़त करने का आरोप लगाया है। छाबड़ा ने गूगल अर्थ एप से 5 गुना शहर की जनता से टैक्स वसूली करने का आरोप लगाते कहा कि भाजपा सरकार आते ही निगम प्रशासन अतिरिक्त टैक्स वसूल रहा है।
श्री छाबड़ा ने प्रेसवार्ता में कहा कि निगम द्वारा राजनांदगांव की जनता को प्रताडि़त करना शुरू कर दिया है। कभी निजी टैक्स वसूली ठेका पर देकर ठेकेदार से नागरिकों के घरों में बिना अनुमति अंदर जाकर नगर निगम की धौंस दिखाकर नाप करना और संपत्तिकर को दो से तीन गुना बढ़ाने का काम करना तो कभी स्वनिर्धारण के नाम पर नियम विरूद्ध पटाए गए टैक्स मालिकों के उपर पूर्व वर्ष का अतिरिक्त टैक्स निकालकर पांच गुना अर्थदंड लगाकर राजनांदगांव शहर के नागरिकों को मानसिक रूप से प्रताडि़त करने का काम भाजपा सरकार आते ही नगर निगम प्रशासन कर रहा है। नगर निगम अब शहर की जनता के लिए प्रताडऩा निगम बन गया है।
श्री छाबड़ा ने कहा कि निगम आयुक्त द्वारा शहर के 584 मकान मालिकों को अर्थदंड पटाने हेतु नोटिस भेजा गया है और नोटिस में तारीख भी नहीं डाला गया है। इसका एक उदाहरण है अशोक बाफना, राजकुमार, उत्तमचंद, केसरीमल बाफना द्वारा वर्ष 2024 टैक्स जितना नगर निगम द्वारा निर्धारण कर मांगा गया था, उतना ही इनके द्वारा पूरा टैक्स 2023-24 का 24 जनवरी 2024 को 15323 रुपए जमा दिया गया है। उसके बाद वर्ष 2024-25 में पिछले वर्ष अंतर राशि 7496 रुपए वर्तमान में गूगल अर्थ एप से निकाली गई है, बताकर पिछले वर्ष की अंतर राशि 7496 का पांच गुना अर्थदंड 37480 रुपए अतिरिक्त पटाने हेतु एक सप्ताह पूर्व नोटिस देकर 37480 पटाने हेतु कहा गया है। इसी तरह शहर के 584 मकान मालिकों को पटाएं गए, पटाने वाले टैक्स की अंतर राशि नियम विरूद्ध निकालकर जनता को मानसिक रूप से प्रताडि़त कर आर्थिक बोझ दिया जा रहा है और टैक्स पटाने के बाद भी नागरिकों भुगतान नहीं किया गया है, बताया जा रहा है। जबकि गूगल अर्थ एप, जीपीएस नगर निगम में मान्य नहीं है।
गूगल अर्थ एप और जीपीएस से नापकर टैक्स लेने के संबंध में कोई विषय सामान्य सभा में नहीं आया है। इस दौरान शहर कांग्रेस उपाध्यक्ष मोहम्मद यहया, पार्षद मनीष साहू, मनीष अग्रवाल उपस्थित थे।