राजनांदगांव

निगम की कर वसूली महापौर के इशारे पर-किशुन
20-Oct-2024 3:21 PM
निगम की कर वसूली महापौर के इशारे पर-किशुन

पार्षद छाबड़ा कर रहे श्रेय लेने की राजनीति 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 20 अक्टूबर।
नगर पालिक निगम द्वारा व्यवसायिक ईमारतों से कर वसूली के नव निर्धारण और 5 गुना राशि की वसूली का अभियान छेड़ा गया है। इस मामले में कांग्रेस पार्षद कुलबीर सिंह छाबड़ा द्वारा भाजपा सरकार और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह पर लगाए गए आरोपों को निगम के नेता प्रतिपक्ष किशुन यदु ने स्तरहीन राजनीति और सुर्खियां बटोरने का स् टंट बताया है। 

उन्होंने जारी विज्ञप्ति में कहा कि महापौर हेमा देशमुख के विजन के साथ काम कर रहा है, जो कि कांग्रेसी नेत्री है, स्पष्ट है कि कर वसूली के मामले में किसी तरह की गड़बड़ी के लिए सीधे तौर पर महापौर और आयुक्त जिम्मेदार हैं। इन दोनों की एक राय से ही शहर में कर वसूली का ये नया सिस्टम शुरू किया गया है। एक ओर तो पार्षद छाबड़ा जनहित की बात कह रहे हैं, लेकिन जो अहित किया जा रहा है उसके लिए जिम्मेदार कांग्रेस, कांग्रेस के नेता को बचाने की कोशिश भी कर रहे हैं। वे क्यूं इस मामले में महापौर को बचाने और उनका नाम तक लेने से बच रहे हैं। अगर वे जनता की आवाज ही उठाना चाहते हैं तो जरूरी है कि वे पहले निगम की सत्ता की मनमानियों की खिलाफत करें, न कि श्रेय लेने की राजनीति करते खुद का महिमा मंडन करें।

किशुन ने कहा किए नगर पालिक निगम द्वारा व्यवसायिक संस्थानों/ मालिकों से जो अंतर की राशि का निर्धारण किया गया है, उसे समान्य सभा में लाकर भौतिक आंकलन के बाद ही लागू किया जाए। फिलहाल जो कार्रवाई गूगल एप अर्थ के सहारे की गई है उसमें चिन्हांकित भवनों की नाप-जोख सामान्य सभा की स्वीकृति होने तक रोक लगाई जाए।


अन्य पोस्ट