राजनांदगांव

आयुक्त पर खराब बर्ताव का आरोप, भाजपा पार्षद का इस्तीफा
20-Oct-2024 2:03 PM
आयुक्त पर खराब बर्ताव का आरोप, भाजपा पार्षद का इस्तीफा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 20 अक्टूबर। राजनांदगांव नगर निगम में आयुक्त अभिषेक गुप्ता एक बार फिर अपने बुरे बर्ताव के आरोप के साथ एक भाजपा पार्षद के पार्टी कार्य समिति पद से इस्तीफा देने के मामले में सुर्खियों में है। भाजपा पार्षद गगन आईच ने प्रदेश कार्य समिति के सदस्य के पद से इस्तीफा देकर आयुक्त पर मनमानी का आरोप लगाया है। लंबे समय से आईच अपने वार्ड के विकास कार्यों के लिए स्वीकृत राशि का टेंडर जारी नहीं करने की वजह से परेशान थे।

आईच का पिछले साल आयुक्त गुप्ता के साथ विवाद बसंतपुर थाना तक पहुंचा था। आयुक्त पर पार्षद को पीटने के आरोप में पूर्व सांसद अभिषेक सिंह समेत कई स्थानीय नेताओं ने थाना का घेराव किया था। उस दौरान आयुक्त को सत्ता बदलने के बाद नगर निगम से रवाना करने के भाजपा नेताओं ने बड़े दावे किए थे। इस बीच भाजपा सरकार के एक साल का कार्यकाल पूरा होने को है, लेकिन आयुक्त अपने पद पर बने हुए हैं।

बताया जा रहा है कि गगन आईच ने अपना इस्तीफा भाजपा के जिलाध्यक्ष रमेश पटेल और पूर्व सांसद अभिषेक सिंह को भेजा है। उनका आरोप है कि उनके वार्ड के मां पाताल भैरवी मंदिर रोड और अन्य विकास कार्यों पर आयुक्त ने अनावश्यक ही रोक लगा दी है।
 
कांग्रेस पार्षद भी आयुक्त के खिलाफ जल्द ही प्रदर्शन करने की तैयारी में है। बताया जा रहा है कि सोमवार 21 अक्टूबर को आयुक्त के खिलाफ निगम में प्रदर्शन करने की तैयारी है। कई पार्षद आयुक्त के खिलाफ एकजुट हो गए हैं।

इस संबंध में भाजपा पार्षद आईच ने 'छत्तीसगढ़’ से कहा कि उन्होंने पार्टी नेताओं को इस्तीफा भेजा है। प्रदेश कार्य समिति के सदस्य के पद से उन्होंने इस्तीफा स्वीकार करने की शीर्ष नेताओं से गुजारिश की है।  

बहरहाल, नगरीय निकाय चुनाव के कुछ महीने पहले पार्टी के पार्षद द्वारा पद से त्यागपत्र देने का मामला सामने आने के बाद भाजपा के भीतर अफरशाही  पर नियंत्रण नहीं करने को लेकर सवाल उठे हैं।

 


अन्य पोस्ट