राजनांदगांव

संतों के सानिध्य में महापौर ने किया आचार्य विद्यासागर चौक का लोकार्पण
18-Oct-2024 3:24 PM
संतों के सानिध्य में महापौर ने किया आचार्य विद्यासागर चौक का लोकार्पण

 पुराने गंज चौक का हुआ नाम जैनाचार्य श्री विद्यासागर चौक 

राजनांदगांव, 18 अक्टूबर। गंज चौक का नामकरण पश्चात 17 अक्टूबर को चौक में पट्टिका लगाकर चौक में जैन आचार्य विद्यासागर चौक का लोकार्पण समारोह संपन्न हुआ। कार्यक्रम का संचालन करते जैन समाज के सूर्यकांत जैन ने बताया कि आज का यह दिन पूरे जैन समाज के लिए गौरव का दिन है, क्योंकि शरद पूर्णिमा के दिन ही समाधि सम्राट आचार्य विद्यासागर महाराज एवं नव आचार्य 108 श्री समय सागर महाराज का अवतरण दिवस है। आज ही के दिन उनके नाम से चौक का नामकरण कर लोकार्पण कार्य संपन्न हुआ। 

कार्यक्रम आचार्यश्री के श्रेष्ठ शिष्य मुनिश्री आगम सागर महाराज, मुनिश्री पुनीत सागर महाराज, ऐलकश्री धैर्य सागर महाराज के सानिध्य में महापौर हेमा सुदेश देशमुख के मुख्य आतिथ्य एवं समाज के वरिष्ठ खूबचंद पारख, नेता प्रतिपक्ष नगर निगम किशुन यदु,  नगर निगम चेयरमैन अमीन हुड्डा, शिव वर्मा, पार्षद राजेश जैन, पार्षद मधु बेद, जैन समाज के पूर्व अध्यक्ष पीसी जैन, सकल जैन समाज के अध्यक्ष मनोज वेद, डीसी जैन, चंद्रकांत जैन, मामराज अग्रवाल के आतिथ्य में संपन्न हुआ। 

सूर्यकांत जैन ने बताया कि उक्त अवसर पर मुनि श्री आगम सागर महाराज ने कहा कि आचार्य विद्यासागर महाराज का व्यक्तित्व करुणा इतनी विशाल थी कि वह सिर्फ  जैन समुदाय के संत नहीं पूरे मानव समाज के संत हुए, उनकी करुणा प्रेम इतना विशाल था कि किसी भी संप्रदाय का व्यक्ति चाहे सिख, मुस्लिम या हिंदू सभी लोग उनके दर्शन के लिए आते थे और आचार्य श्री सभी को आशीर्वाद देते थे। उनका प्रभाव इतना था कि जो भी उनके दर्शन करता उनके कष्ट दूर होते थे। ऐसे अतिशयकारी आचार्य भगवन ने अपने जीवन में इंडिया नहीं भारत बोलो कि अलख जगाई एवं स्वदेशी अपनाने  हथकरघा जैसे रोजगार के अवसर के मार्ग को प्रशस्त किया।

उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उन्होंने गुरुकुल  शिक्षा प्रणाली को अपनाते प्रतिभास्थली ज्ञानोदय विद्यापीठ की स्थापना की। वहीं उनके आशीर्वाद से पूरे भारतवर्ष में लगभग 100 गौशालाएं संचालित की जा रही है।  जिसमें लगभग 100000 से अधिक गोवंश का संवर्धन एवं रक्षा की जाती है। मुनिश्री ने कहा कि जो अहिंसा द्वारा बनने वाला है। उसमें आचार्य श्री की प्रतिमा लगाई जानी चाहिए। जिससे इस द्वार से निकलने वाले सभी को उनका आशीर्वाद प्राप्त होता रहे।

मुख्य अतिथि महापौर हेमा देशमुख ने कहा कि यह मेरा सौभाग्य है कि उक्त पुनीत कार्य मुझे अपने कार्यकाल में करने का अवसर मिला और मैं अपनी महापौर निधि का सदुपयोग इस पुण्य कार्य में लगा सकी। तत्पश्चात अतिथियों को सचिव रविकांत जैन, अनिल बडक़ुल, अखिलेश जैन, सुभाष जैन एवं समाज के पदाधिकारी द्वारा लोकार्पण स्थल ले जाकर विधिवत रूप से लोकार्पण पट्टिका का अनावरण कराया गया। 

21 हजार लुड्डओं का वितरण
सूर्यकांत जैन ने बताया कि जैन आचार्य श्री विद्यासागर  महाराज की अवतरण दिवस पर जैन समाज द्वारा 21000 लड्डुओं का वितरण शहर के विभिन्न स्थानों में जाकर एवं विद्यासागर चौक में किया गया एवं पोहा वितरण किया गया।  साथ ही दिगंबर जैन धर्मशाला में आचार्य श्री के जन्मोत्सव  पर विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। 


अन्य पोस्ट