राजनांदगांव

दशहरा उत्सव की तैयारी जोरों पर
10-Oct-2024 3:16 PM
दशहरा उत्सव की तैयारी जोरों पर

समितियां तैयार कर रही विशालकाय रावण के पुतले

 आतिशबाजी संग गीत-संगीत का आयोजन 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 10 अक्टूबर।
असत्य पर सत्य की जीत के पर्व विजयादशमी के मौके पर शहर के अलग-अलग स्थानों में नयनाभिराम आतिशबाजी के साथ रावण दहन होगा। पिछले कई साल से शहर में दशहरा पर्व को पूरे उत्साह और परंपरागत रूप से मनाया जाता है। शहर में कई समितियां रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन करती है। 

इसी कड़ी में म्युनिसिपल हाईस्कूल के मैदान में छत्तीसगढ़ जन महोत्सव समिति द्वारा रावण दहन के बाद गीत-संगीत से सजी एक कार्यक्रम की प्रस्तुति होगी। जिसमें  मुम्बई से इंडियन आईडल की प्रतिभागी रही पाश्र्व गायिका शनमुखा प्रिया अपनी टीम के साथ आ रही है। वे अपने मधुर गीतों से संस्कारधानी के संगीत प्रेमियों को मुग्ध करेंगी। सहायक गीतकार के रूप में अमय दाते शनमुखा प्रिया का साथ निभाएंगी। वहीं प्रसिद्ध कलाकार सिद्धार्थ हाण्डा कार्यक्रम में मंच संचालन करेंगे। 

12 अक्टूबर को संस्था द्वारा लगातार 17वें वर्ष में भी विजयादशमी महोत्सव को म्युनिसिपल स्कूल मैदान में भव्य रूप से मनाने का निर्णय लिया है।  समिति के अध्यक्ष सौरभ कोठारी के मुताबिक इस वर्ष मुम्बई के आतिशबाजों की टीम इस वर्ष बेहतरीन नयनाभिराम व रोमांचक आकाशीय आतिशबाजी करेंगे। विजयादशमी महोत्सव का विशेष आकर्षण लगभग 61 फीट का आकर्षक रावण तैयार किया जा रहा है। 

इधर कमला कॉलेज मैदान में भी राजा दिग्विजय दास दशहरा उत्सव समिति द्वारा विशालकाय रावण पुतले वध का कार्यक्रम किया जाएगा। समिति के अध्यक्ष रूबी गरचा ने बताया कि रावण पुतले का दहन कार्यक्रम की एक अलग पहचान बन चुकी है। इधर गौरीनगर में भी भव्य रूप से रावण दहन किया जाएगा। समिति के अध्यक्ष हफीज खान ने बताया कि परंपरागत रूप से रावण का पुतला जलाया जाएगा। वहीं भव्य आतिशबाजी भी की जाएगी। स्टेट हाईस्कूल में भी राष्ट्रीय दशहरा उत्सव समिति द्वारा भी रावण दहन कार्यक्रम किया जाएगा। समिति द्वारा रावण दहन की तैयारियां की जा रही है।

तैयारियां अंतिम चरण में
विजयादशमी पर्व पर शनिवार को शहर के अलग-अलग इलाकों में रावण दहन का आयोजन होगा। वहीं सांस्कृतिक आयोजन भी किए जाएंगे। जिसके लिए समितियां तैयारियों में जुटी हुई है। शहर के म्युनिसिपल स्कूल मैदान, स्टेट स्कूल मैदान, कमला कॉलेज, गौरीनगर  समेत अन्य स्थानों में रावण पुतले का दहन का आयोजन समितियों द्वारा किया जाएगा। इससे साथ ही विभिन्न आयोजन भी करने की तैयारी की जा रही है। ऐसे में शहर समेत ग्रामीण क्षेत्र से लोग रावण दहन व अन्य आयोजन देखने शहर पहुंचेंगे। इधर, जिला प्रशासन व पुलिस और यातायात विभाग भी व्यवस्था को सम्हालने तैयारी कर रहे हैं।
 


अन्य पोस्ट