राजनांदगांव

जन्मदिन पर भाजपा पार्षद पति का दुग्ध स्नान, वीडियो फैला
10-Oct-2024 2:47 PM
जन्मदिन पर भाजपा पार्षद पति का दुग्ध स्नान,  वीडियो फैला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 10 अक्टूबर।
भाजपा की महिला पार्षद के पति के जन्मदिन पर दुग्ध स्नान कराने को लेकर सोशल मीडिया में काफी चर्चा हो रही है। पार्षद पति के इस तस्वीर को लेकर आलोचनाएं भी हो रही है। 

हालांकि पार्षद पति ने जन्मदिन पर समर्थकों और दोस्तों द्वारा दुग्ध स्नान करने की घटना को लेकर सफाई दी है। जिसमें उन्होंने साफ तौर पर कहा है कि उनके जन्मदिन को किसी भी तरह से भी मनाया जा सकता है, इसमें कोई रोक-टोक नहीं है।

मिली जानकारी के मुताबिक भाजपा की महिला पार्षद जया यादव के पति के जन्मदिन के अवसर पर स्थानीय म्युनिसिपल स्कूल के सामने स्थित फ्लाई ओवर के नीचे कुछ लोगों ने उन्हें दूध से अभिषेक किया। यह वीडियो तेजी से वायरल हुआ है। 

सोशल मीडिया में कई लोगों ने पार्षद पति के रवैये को सत्ता  के नशे में चूर होने से लेकर अन्य आपत्तिजनक प्रतिक्रियाएं व्यक्त की है। आमतौर पर दूध को एक पवित्र पेय पदार्थ माना जाता है। धार्मिक अनुष्ठानों के दौरान दूध की खास उपयोगिता होती है। शिवलिंग का  दूध से अभिषेक किया जाता है। 

लोगों का कहना है कि भाजपा धार्मिक मामलों में काफी गंभीर है। ऐसे में उनकी पार्टी से जुड़े एक व्यक्ति के इस हरकत से स्वभाविक रूप से लोगों की भावनाएं आहत हुई है। 
बताया जा रहा है कि पार्षद पति को तकरीबन 10 लीटर दूध से स्नान कराया गया है। इस मामले को लेकर भाजपा के भीतर भी नाराजगी उठी है।
 


अन्य पोस्ट