राजनांदगांव

कार्यकर्ताओं के पास लक्ष्य पूरा करने 15 तक समय - तोखन साहू
09-Oct-2024 4:30 PM
कार्यकर्ताओं के पास लक्ष्य पूरा करने 15 तक समय - तोखन साहू

केंद्रीय मंत्री ने भाजपा कार्यालय में ली समीक्षा बैठक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 9 अक्टूबर।
केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने खैरागढ़ का दौरा किया, जहां उन्होंने भाजपा के चल रहे सदस्यता अभियान की समीक्षा बैठक ली और पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। उन्होंने सदस्यता अभियान को तेजी से आगे बढ़ाने पर जोर दिया। 

ज्ञात हो कि केन्द्रीय राज्य मंत्री ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते कहा कि माता बम्लेश्वरी देवी के दर्शन के पश्चात व खैरागढ़ पहुंचा है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रहित के विचारधारा वाली पार्टी है, जो शून्य से शिखर पर पहुंच गई है। वहीं दूसरी ओर जिस पार्टी की कोई विचारधारा नहीं वो शिखर से शून्य की ओर जा रही है। कभी दो सीटों पर रहने वाली भारतीय जनता पार्टी के पास आज सबसे ज्यादा सांसद है।

उन्होंने पार्टी के सदस्यता अभियान को लेकर कहा कि जो लक्ष्य कार्यकर्ताओं को दिया गया है, उसे पूरा करने के लिए केवल 15 अक्टूबर तक का समय है। जिसके लिए आप सभी जुट जाइए। उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान के माध्यम से हम अपनी बात को घर घर तक पहुंचा सकते हैं।

जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि सभी पदाधिकारियों को ये जिम्मेदारी लेनी है और सदस्यता अभियान के लक्ष्य को पूरा करने में जुट जाना है। उन्होंने कहा कि हमें जो लक्ष्य दिया गया है, शेष बचे हुए समय में उसे पूरा करना है। जिला भाजपा अध्यक्ष घम्मन साहू ने कहा कि केन्द्रीय नेतृत्व के निर्देश पर सदस्यता अभियान की समीक्षा के लिए केन्द्रीय मंत्री का दौरा हुआ है। उन्होंने कहा कि हमारा जिला नया बना है, जहां कार्यकर्ताओं ने पार्टी के हर कार्य में अच्छा काम किया है। उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान को लेकर हमें और अधिक मेहनत करने की आवश्यकता है। जिससे हमारे जिले में सदस्यता अभियान का लक्ष्य पूरा हो सके।

समीक्षा बैठक में जिला संयोजक तिरथ चंदेल, जिला महामंत्री रामाधार रजक, पूरन जंघेल, गिरिजा चंद्राकर, नीलिमा गोस्वामी, कीर्ति वर्मा, विकेश गुप्ता, सदस्यता अभियान के संयोजक शशांक ताम्रकार, अनिल अग्रवाल, प्रकाश सिंह, आलोक श्रीवास, विनय देवांगन, हरप्रसाद वर्मा, राजेश मेहता, नरोत्तम सिन्हा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
 


अन्य पोस्ट