राजनांदगांव

निजी विद्यालयों की मनमानी रोकने जिला प्रशासन सख्त
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 8 अक्टूबर। दशहरा अवकाश के दौरान जिले में निजी स्कूलों द्वारा स्कूलों का संचालन करने के मामले में जिला शिक्षा अधिकारी ने दर्जनभर स्कूलों को नोटिस जारी किया है।
डीईओ कार्यालय ने सभी निजी स्कूलों को इस बात के लिए आगाह किया है कि शासन द्वारा घोषित शासकीय अवकाश के दौरान नियमों का पालन नहीं करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिला शिक्षा अधिकारी प्रवास सिंह बघेल ने स्वयं कई स्कूलों का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया। जिसके चलते उन्होंने स्कूल संचालन को लेकर नोटिस जारी किया है।
मिली जानकारी के अनुसार जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा नीरज पब्लिक स्कूल पेंड्री राजनांदगांव, युगांतर पब्लिक स्कूल पार्रीनाला राजनांदगांव, संस्कार सिटी ठाकुरटोला राजनांदगांव, बाल भारती हायर सेकंडरी स्कूल बल्देवबाग राजनांदगांव, वेसलियन अंग्रेजी मीडियम स्कूल टांकापारा राजनांदगांव, जेएलएम गायत्री विद्यापीठ केशर नगर राजनांदगांव, अजीज पब्लिक स्कूल इंदामरा राजनांदगांव, सेंट पीटर कान्वेंट स्कूल खैरागढ़ रोड डोंगरगढ़, नीरज विद्या मंदिर मोहड़ डोंगरगांव का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान शासन द्वारा दशहरा एवं दीपावली अवकाश घोषणा के बाद भी निजी विद्यालयों का संचालित पाया गया। संबंधित विद्यालयों को स्पष्टीकरण नोटिस जारी किया गया है। निजी विद्यालयों को शासन के निर्देशानुसार दशहरा, दीपावली अवकाश का पालन सुनिश्चित करने कहा गया है।