राजनांदगांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 7 अक्टूबर। शारदीय नवरात्रि पर्व पर मां बम्लेश्वरी मंदिर डोंगरगढ़ जाने वाले दर्शनार्थियों व पदयात्रियों की सुविधा के लिए महारानी लक्ष्मीबाई स्कूल के पास नगर निगम द्वारा सेवा पंडाल लगाया गया है।
सेवा पंडाल में मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए डोंगरगढ़ जाने वाले पदयात्री बड़ी संख्या में पहुंच सेवा का लाभ ले रहे हंै। पंडाल में नगर निगम आयुक्त अभिषेक गुप्ता सहित निगम के अधिकारी-कर्मचारी एवं ठेकेदार पदयात्रियों की सेवा कर रहे हंै। सेवा पाकर पदयात्री मिल रही सुविधा से खुश होकर सराहना कर रहे हैं।
सेवा पंडाल के संबंध में निगम आयुक्त अभिषेक गुप्ता ने बताया कि शारदीय नवरात्रि में मां बम्लेश्वरी मंदिर में दर्शन के लिए प्रदेशभर से लाखों की तादात में दर्शनार्थी डोंगरगढ़ जाते हैं। जिनमें हजारों दर्शनार्थी पदयात्रा करते है, जो आसपास के शहर के अलावा दूर दराज के शहरों से भी आते हैं। उन्होंने कहा कि पदयात्रियों की सुविधा के लिए महारानी लक्ष्मीबाई स्कूल के पास नगर निगम द्वार सेवा पंडाल लगाया गया है। सेवा पंडाल में पदयात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए तीन पालियों में अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। निगम के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ चिकित्सा सेवा के लिए मेडिकल स्टॉफ की भी ड्यूटी लगी है।
आयुक्त श्री गुप्ता ने कहा कि सेवा पंडाल में भारी तादात में पदयात्री पहुंच रहे हैं। जिनकी 24 घंटा सेवा की जा रही है। पदयात्रियों के लिए नाश्ता, चाय एवं खाना की सुविधा उपलब्ध है। इसके अलावा उनके आराम करने बिस्तर तथा मोबाईल चार्जर की भी व्यवस्था की गई है।
साथ ही मेडिकल स्टॉफ द्वारा उनकी स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ आवश्यक दवा तथा मलहम पट्टी की जा रही है। सेवा पंडाल में निगम के अधिकारी-कर्मचारी के साथ-साथ ठेकेदार भी पदयात्रियों की सेवा कर रहे हैं।