राजनांदगांव

राजनांदगांव, 3 अक्टूबर। जिला भाजपा द्वारा 17 सितम्बर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस से जारी सेवा स्वच्छता पखवाड़े का 2 अक्टूबर को गांधी-शास्त्री जयंती पर समापन हुआ। इसके पूर्व जिलेभर में जोरदार स्वच्छता अभियान चलाया गया। लखोली स्थित दुर्गा चौक में भी स्वच्छता पखवाड़े के समापन का कार्यक्रम आयोजित हुआ। वार्ड नं. 36 के बूथ नं. 62 में आयोजित समारोह को संबोधित करते छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि महात्मा गॉधी व लालबहादुर शास्त्री का देश की आजादी में अतुलनीय योगदान है। गांधी ने सारा जीवन सत्य-अहिंसा व सेवा के लिए समर्पित कर दिया था। वे 21 वर्षो तक दक्षिण अफ्रीका में आंदोलन किया, फिर वे लंदन आकर विधि की डिग्री ली और फिर भारत आकर आजादी के आंदोलन में कूद पड़े। वे अपने गुरू गोपाल कृष्ण गोखले के मार्गदर्शन में आजादी का आंदोलन चलाया और अतंत: हम सबको आजादी दिलायी।
भाजपा मीडिया सेल के अनुसार डॉ. रमन सिंह ने भाजपा द्वारा देशभर में चलाए जा रहे सदस्यता अभियान का जिक्र करते कहा कि हम सदस्यता को लेकर एक बड़े लक्ष्य की प्राप्ति में लगे हुए हैं, हमें इस बात का गर्व होना चाहिए कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनैतिक संस्था है। जिसके पास देश में सर्वाधिक सांसद-विधायक, मंत्री, पंच-सरपंच व पार्षदों की फौज है।
समारोह के प्रारंभ में जिला भाजपा अध्यक्ष रमेश पटेल ने सदस्यता अभियान व सेवा स्वच्छता पखवाड़े का ब्यौरा पेश किया व आश्वस्त किया कि सदस्यता को लेकर जो लक्ष्य पार्टी ने दिया, उसे हम पूरा करके रहेंगे।
कार्यक्रम में जिले के स्वच्छता अभियान के प्रभारी वरिष्ठ पार्षद शिव वर्मा, शहर भाजपा के महामंत्री हकीम खान, रघुवीर वाधवा व रमेश सोनवानी का उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन शहर भाजपा अध्यक्ष तरूण लहरवानी ने किया। कार्यक्रम के अंत में डॉ. सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं व उपस्थित नागरिकों, महिलाओं को भाजपा की सदस्यता दिलाई।