राजनांदगांव
.jpg)
महिला वर्ग में कोरबा ने शूटआउट में जांजगीर को किया पराजित
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 3 अक्टूबर। हॉकी छत्तीसगढ़ व जिला हॉकी संघ बिलासपुर के संयुक्त तत्वावधान में सीनियर पुरूष एवं महिला वर्ग की राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता का शुभारंभ उप मुख्यमंत्री अरूण साव, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, सीएमएम बिलासपुर रेल्वे नवीन सिंग, रामदेव कुमावत, अरूण चौहान, फिरोज अंसारी, रोहित बाजपेयी, ए.एक्का सहित आयोजन समिति के सचिव मनीष श्रीवास्तव एवं अन्य वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ी व सदस्यों की उपस्थिति में आयोजित हुआ।
उपमुख्यमंत्री साव ने कहा कि जीवन में खेल बहुत ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बारे में बताते कहा कि जीतते हैं तो सारे खिलाड़ी व अभिभावक खुशी मनाते हैं, किन्तु उनके हारने के बाद उनके मनोबल को बढ़ाने के लिए खड़े होते हैं। उनके नेतृत्व में खेलो इंडिया के माध्यम से देशभर में खेलो को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने कहा कि यह खेल का मैदान ही है, जहां सभी खिलाड़ी एक साथ रहकर जो पल बिताते हैं, वह बहुत ही महत्वपूर्ण होता है। यह खेल का मैदान है, जहां हम पसीना बहाते हैं। जिससे एक खिलाड़ी को मान-सम्मान, दौलत, शोहरत सभी हासिल होती है।
अध्यक्षता करते बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि गौरव कि बात है कि बिलासपुर खेल के लिए प्रसिद्ध है। हॉकी यहां का मुख्य खेल है, जो देशभर में जाना व खेला जाता है। दृढ़ इच्छा शक्ति होने से बड़े से बड़े कार्य भी सफलता प्राप्त करते हैं। बिलासपुर हमेशा हॉकी के क्षेत्र में अग्रणी रहा है। यहां अन्य खेलो को भी यहा महत्व मिलता है। हॉकी में भी बिलासपुर से राष्ट्रीय स्तर का खिलाडी निकल रहे है तथा आगे भी इसी तरह यहां से राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी निकलते रहे। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फिरोज अंसारी ने स्वागत भाषाण में कहा कि इस तरह के आयोजन से दुरूस्त क्षेत्रों में भी हॉकी को बढ़ावा मिल रहा है। जिससे प्रतिभाओं को आगे आने का मौका मिलेगा। इस स्पर्धा से चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
स्व. बीआर यादव अंतरराष्ट्रीय एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम में बुधवार से प्रारंभ हुई 5वीं सीनियर पुरूष-महिला की हॉकी प्रतियोगिता 2 अक्टूबर से 5 अक्टूबर तक आयोजित किया जा रहा है। स्पर्धा के पहले दिन बालक वर्ग में प्रात: से खेले गए मैच में हॉकी रायगढ़ ने हॉकी बेमेतरा को 7-1 गोल से पराजित करते विजयी अभियान प्रारंभ किया। दूसरे मैच में जांजगीर- चांपा ने हॉकी कोरबा को 12-0 गोल से पराजित किया। तीसरे मैच में एससीआर रेल्वे ने हॉकी जशपुर को 8-1 गोल से पराजित किया। चौथा मैच में हॉकी कबीरधाम ने हॉकी सरगुजा को 6-1 गोल से पराजित किया। पांचवा मैच हॉकी रायपुर ने हॉकी दंतेवाड़ा को 17-2 गोल से पराजित किया तथा अंतिम मैच मेजबान बिलासपुर ने हॉकी महासमुंद को 7-0 गोल से पराजित किया।
वहीं बालिका वर्ग में एक ही मैच हॉकी कोरबा विरूद्ध हॉकी जांजगीर चांपा के मध्य खेला गया। दोनों ही टीमों के मध्य बड़ा ही रोमांचक मैच दर्शाकों को देखने को मिला। मैच के अंतिम समय तक दोनों ही टीम स्कोर रहित रही। इस मैच का फैसला शूटआउट से किया गया। जिसमें हॉकी कोरबा ने 3-2 गोल से जीत दर्ज की। इस अवसर पर रवि पारीख, अमिताभ मानिकपुरी, धनराज यादव, मंजुला बिसवास, इकलाक अली, सैयद अली, सोनूए सहित वरिष्ठ खिलाड़ी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन धनीराम यादव व जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष रोहित बाजपेयी ने आभार व्यक्त किया।