राजनांदगांव

पदयात्रा में नांदगांव के कांग्रेसी नेता भी होंगे शामिल
25-Sep-2024 3:26 PM
पदयात्रा में नांदगांव के कांग्रेसी नेता भी होंगे शामिल

  27 से गिरौदपुरी से शुरू होकर 2 अक्टूबर को राजधानी में समापन  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 25 सितंबर। बलौदाबाजार हिंसा और प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर प्रदेश कांग्रेस  द्वारा 27 सितंबर से प्रस्तावित पदयात्रा में राजनांदगांव के कांग्रेसी नेता भी शामिल होंगे। संत बाबा गुरू घासीदास की जन्मस्थली गिरौदपुरी से कांग्रेस ने 27 सितंबर से 2 अक्टूबर तक पदयात्रा निकालने की घोषणा की है। राजधानी रायपुर में 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर पदयात्रा का समापन होगा।

बताया जा रहा है कि कांग्रेस पदयात्रा के जरिये विष्णुदेव साय सरकार की विफलता को लेकर जनता के बीच जाएगी। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज की अगुवाई में उक्त पदयात्रा में राज्यभर के कांग्रेसी नेता शामिल होंगे। इसी कड़ी में राजनांदगांव के कांग्रेसी नेताओं को 2 अक्टूबर की सुबह सड्डू से राजधानी रायपुर के समापन स्थल तक प्रस्तावित पदयात्रा में शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं।

 इस संंबंध में राजनांदगांव लोकसभा प्रभारी शाहिद भाई ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि प्रदेश कांग्रेस संगठन द्वारा पदयात्रा में प्रदेश सरकार के हर मोर्चे पर विफल होने का संदेश लेकर कांग्रेसी जनता के बीच जाएंगे।  बताया जा रहा है कि पदयात्रा में बलौदाबाजार में हुई हिंसा  की जांच और बेगुनाहों को जेल में ठूंसने के मुद्दे को लेकर भी कांग्रेस मुखर रहेगी। हाल ही में हुए कवर्धा के लोहारीडीह की घटना और पुलिस हिरासत में एक युवक की मौत के मामले को लेकर भी कांग्रेस पदयात्रा में आवाज उठाएगी।


अन्य पोस्ट