राजनांदगांव

कम वसूली पर आयुक्त ने जताई नाराजगी
15-Sep-2024 3:53 PM
कम वसूली पर आयुक्त  ने जताई नाराजगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 15 सितंबर।
नगर निगम आयुक्त अभिषेक गुप्ता ने राजस्व विभाग की सप्ताहिक समीक्षा में वार्डवार वसूली की जानकारी लेकर कम वसूली पर नाराजगी व्यक्त करते कहा कि माहवार निर्धारित लक्ष्य के विरूद्ध वसूली प्राप्त नहीं हो पा रही है, सभी कर्मचारी वसूली बढ़ाएं अन्यथा संबंधित के विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पिछड़ा वर्ग सर्वे की भी जानकारी लेकर सर्वे की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। 

आयुक्त गुप्ता ने बैठक में डिमांड दुरूस्तीकरण के संबंध मेें उप अभियंताओं एवं राजस्व उपनिरीक्षकों व सहायक राजस्व निरीक्षकों से उनके वार्डवार डिमांड दुरूस्तीकरण के संबंध में पूछा कि  अब तक कितने घर का डिमांड तैयार किए, कितना शेष है और डिमाण्ड में कितनी वृद्धि हुई। जानकारी आने पर उन्होंने कहा कि नए डिमांड अनुसार पत्रक तैयार करें और करदाताओं को अवगत कराकर बिल देकर भुगतान कराएं।

आयुक्त गुप्ता ने वार्डवार वसूली की जानकारी लेकर शासन द्वारा निर्धारित माहवार लक्ष्य के अनुरूप वसूली नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त करते कहा कि राजस्व वसूली से ही वेतन आदि का भुगतान किया जाता है, किन्तु वसूलीकर्ता गंभीरता से वसूली नहीं कर रहे है। जिससे कम वसूली प्राप्त हो रही है। उन्होंने कड़ाई से राजस्व उपनिरीक्षकों व सहायक राजस्व निरीक्षकों से कहा कि सभी लोग सुबह से डिमांड दुरूस्तीकरण के साथ-साथ वसूली करना सुनिश्चित करें। इसके अलावा दूसरी पाली में कार्यालय में उपस्थित रहकर डिमांड तैयार करे व वसूली करें। उन्होंने कहा कि वसूली में लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में अन्य पिछड़ा वर्ग सर्वे की प्रगति की वार्डवार जानकारी लेकर आयुक्त गुप्ता ने कहा कि सर्वे कार्य धीमी गति से किया जा रहा है। इस कार्य में लापरवाही न बरते समय-सीमा में सर्वे कार्य पूर्ण करना है, शासन द्वारा समीक्षा की जाएगी, उसके पूर्व वसूली के साथ साथ घर-घर जा कर पिछड़ा वर्ग के लोगों को चिन्हाकिंत कर सर्वे करें। उन्होंने सर्वे में आ रही कठिनाई की जानकारी लेकर राजस्व निरीक्षकों से कहा कि समय-समय पर जाकर सर्वे के लिए लोगों को समझाईस देवे और कर्मचारियों की मदद करे। 


अन्य पोस्ट