राजनांदगांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 14 सितंबर। पूर्व मुख्यमंत्री व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के विशेष प्रयासों से उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने शहर को अधोसंरचना मद से शहर को 10 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात दी है। इस संदर्भ में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के पत्र में 41 स्वीकृत कार्यों की सूची जारी की गई है।
नगर पालिक निगम राजनांदगांव के नेता प्रतिपक्ष किशुन यदु ने प्रसन्नता जाहिर की। उन्होंने कहा कि 5 वर्षों तक विकास के लिए जूझते शहर की तस्वीर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन में 7 महीने में ही तेजी से बदलने लगी है। 10 करोड़ की इस स्वीकृति से पूर्व 13 करोड़ 81 लाख रुपए की स्वीकृति शहर को विकास कार्यों हेतु मिली थी। लगातार शहरवासियों की आवश्यकता और जिला मुख्यालय की अधोसंरचना को मजबूत किए जाने को लेकर स्थानीय विधायक डॉ. रमन सिंह ने पूरी संवेदनशीलता दिखाई है। उन्होंने आवश्यक कार्यों की अनुशंसा कर इसकी स्वीकृति के लिए उप मुख्यमंत्री से बात की थी। डॉ. रमन सिंह के प्रस्ताव पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने तत्काल ही कार्यों की स्वीकृति देने का आश्वासन दिया था, जिसे उन्होंने पूरा कर दिया है।
इन स्वीकृतियों को लेकर शहर में हर्ष का माहौल है। नगरवासियों ने भाजपा के सुशासन को सराहते इसके लिए धन्यवाद ज्ञापित किया है। नेता प्रतिपक्ष किशुन यदु ने इन विकास कार्यों की स्वीकृति पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह व उप मुख्यमंत्री अरुण साव, सांसद संतोष पांडे, पूर्व सांसद मधुसूदन यादव, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, अशोक शर्मा, खूबचंद पारख,ए सुरेश एच लाल, संतोष अग्रवाल, सुरेश डुलानी, सचिन बघेल, नीलू शर्मा, रमेश पटेल, राजेंद्र गोलछा, अतुल रायजादा, तरुण लहरवानी का आभार व्यक्त किया है।