राजनांदगांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 8 सितंबर। डोंगरगांव क्षेत्र के साल्हे के एक किसान के खेत से अज्ञात चोर ने कृषि यंत्रों की चोरी की। किसान आरी-कोनारी गांव का रहने वाला है। अज्ञात चोर ने 20 हजार कीमत के कृषि यंत्रों को पार कर दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक आरी-कोनारी के रहने वाले संजय ठाकुर का साल्हे गांव में 6.50 एकड़ खेती भूमि है, जहां वह धान की खेती करते हैं। सिंचाई हेतु खेत में एक ट्यूबवेल लगाकर कमरे का निर्माण किया है। जिसमें वह फसल संबंधी सामग्री और यंत्र रखते हैं।
6 सितंबर की शाम उक्त रूम में ताला लगाकर प्रार्थी घर लौट गया। सात सितंबर की सुबह जब खेत में पहुंचे तो कमरे के दरवाजे का कुंदा और ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखने पर दवाई छिडक़ाव की मशीन, एचटीपी मशीन और सबमर्सिबल केवल वायर समेत कुछ अन्य सामान अज्ञात चोर ले उड़ा। पुलिस से किसान ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। डोंगरगांव पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
खैरागढ़ के पिपरिया के मकान में चोरी
खैरागढ़ के पिपरिया वार्ड के एक मकान में भी अज्ञात चोरों ने हाथ साफ कर दिया। अज्ञात चोर ने घर में घुसकर सोना और नगदी राशि को पार कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक खैरागढ़ के पिपरिया वार्ड नं. 01 के रहने वाले कृष्णादास सूर्यवंशी के घर पोला तिहार की रात चोरों ने सोने की पत्ती, मंगलसूत्र समेत नगदी रकम कुल 29 हजार 800 रुपए के सामानों की चोरी हुई। पोला तिहार मनाकर रात एक बजे के बाद परिवार के सभी लोग गहरी नींद में सो गए। सुबह उठने पर चोरी की जानकारी सामने आई। पुलिस शिकायत के बाद मामले को जांच में लिया है।