राजनांदगांव
.jpg)
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 16 अगस्त। बांग्लादेश में हिन्दुओं पर हो रहे अत्याचार और मंदिरों को पहुंचाए जा रहे नुकसान के विरोध में शुक्रवार को सर्व हिन्दू समाज के आह्वान पर बंद का मिलाजुला असर रहा, वहीं देहात क्षेत्रों में बंद का कोई व्यापक असर नहीं दिखा। दोपहर 12 बजे बाद रैली निकालने की तैयारी थी।
बांग्लादेश में लगातार हिन्दूओं को निशाना बनाया जा रहा है, वहीं आस्था के केंद्र माने जाने वाले केंद्रों को क्षति पहुंचाई जा रही है। प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति से इस मामले में दखल देने की मांग करते सर्व हिन्दू समाज की ओर से आज बंद का आह्वान किया गया था। बंद के चलते शहर के मुख्य चौक-चौराहों के प्रतिष्ठित दुकान नहीं खुले। होटल और खोमचे का कारोबार प्रभावित हुआ।
हालांकि दोपहर बाद व्यापारिक प्रतिष्ठानों में लगे ताले खुल गए। बंद के चलते शहर के निजी शैक्षणिक संस्थानों ने अवकाश घोषित कर दिया।
बांग्लादेश में हिन्दुओं को सीधे हिंसा के जरिये नुकसान पहुंचाने पर सर्व हिन्दू समाज ने कड़ी आपत्ति की। बांग्लादेश में लगभग सवा करोड़ हिन्दू हैं। वहां बड़ी संख्या में हिन्दू तीर्थस्थल भी हैं। आज बंद का असर मिश्रित रहा। व्यापारिक गतिविधियों में दोपहर बाद तेजी आई।