राजनांदगांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 16 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस मुख्य समारोह मोहला-मानपुर-अं. चौकी जिले में समारोह पूर्वक मनाया गया। रायपुर नगर पश्चिम विधायक राजेश मूणत ने मिनी स्टेडियम मोहला में आयोजित मुख्य समारोह में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। ध्वजारोहण पश्चात गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जनता के नाम दिए गए संदेश का वाचन किया। उन्होंने शांति के प्रतीक सफेद कबूतर आसमान में छोड़े। उल्लास एवं उमंग के प्रतीक रंगीन गुब्बारे आसमान में उड़ाये गए। इस अवसर पर कलेक्टर एस. जयवर्धन, पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह उपस्थित थे।
मुख्य अतिथि मूणत ने ध्वजारोहण पश्चात समारोह में परेड का निरीक्षण किया। परेड द्वारा हर्ष फायर कर राष्ट्रपति की जयकारा किया गया। परेड द्वारा तिरंगे झंडे को सलामी दी गई। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशंसनीय कार्य के लिए सम्मानित किया गया । मुख्य अतिथि मूणत ने शहीद जवानों के परिवारजनों को शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया।
इसी क्रम में जिले के खडग़ाँव तहसील के ग्राम संबलपुर निवासी मीसाबंदी स्व. मनीराम की पत्नी करौंदाबाई को वयोवृद्ध होने के कारण जिला प्रशासन की ओर से एसडीएम मानपुर द्वारा घर जाकर साल एवं श्रीफल से सम्मानित किया गया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह परेड का नेतृत्व परेड कमांडर आरआई भूपेंद्र कुमार कश्यप व एसआई सुरेंद्र नेताम ने किया। परेड में आईटीबीपी, जिला पुलिस बल पुरूष, जिला पुलिस बल महिला, एनसीसी पुरूष, एनसीसी महिला, स्काउट गाईड शामिल हुए। कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गई।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रथम स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल मोहला को पुरस्कृत किया गया। द्वितीय पोस्ट मैट्रिक कन्या छात्रावास मोहला एवं तृतीय डीएनटी पब्लिक स्कूल मोहला को पुरस्कृत किया गया। सांत्वना पुरस्कार के लिए सीबीएसई हायर सेकेंडरी स्कूल मोहला, सरस्वती शिशु मंदिर मोहला व विशेष पुरुस्कार के लिए जिला महिला पुलिस बल को पुरस्कृत किया गया। इसी प्रकार परेड में प्रथम 44 वीं बटालियन भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल, द्वितीय जिला पुलिस बल पुरुष एवं तृतीय 27वीं बटालियन भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल को पुरुस्कृत किया गया। कार्यक्रम में वनमंडलाधिकारी दिनेश पटेल, आईटीबीपी कमांडेंट मुकेश कुमार दशमाना (44 वीं बटालियन) जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक, जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने कलेक्टोरेट में फहराया तिरंगा
कलेक्टर जयवर्धन ने कलेक्टोरेट में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। कलेक्टर ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किया। उन्होंने अधिकारी-कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
उन्होंने कहा कि जनसामान्य की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुने और गंभीरतापूर्वक निराकरण करना सुनिश्चित करें।
कलेक्टर ने कहा की आगामी समय से और बेहत्तर कार्य करते जिले का नाम रोशन करें। इस मौके पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी विजेन्द्र पाटले, संयुक्त कलेक्टर प्रेमलता चंदेल, अन्य जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
कलेक्टर निवास ध्वजारोहण
कलेक्टर जयवर्धन ने अपने निवास में ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित किया। कलेक्टर ने निवास में कार्यरत कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाए दी। कलेक्टर ने कर्मचारियों को अपने हाथों से मिठाई वितरित किया।
—————-----