राजनांदगांव

बैज के समक्ष मेहुल ने शहर अध्यक्ष के लिए की दावेदारी
10-Aug-2024 12:58 PM
बैज के समक्ष मेहुल ने शहर अध्यक्ष के लिए की दावेदारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 10 अगस्त। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के एक दिनी शहर के दौरे में सियासी सरगर्मी के बीच प्रदेश कांग्रेस सचिव मेहुल मारू ने शहर अध्यक्ष के लिए दावा ठोक दिया।

बताया जा रहा है कि मौजूदा अध्यक्ष कुलबीर छाबड़ा का कार्यकाल 5 वर्ष से अधिक हो गया है। सांगठनिक स्तर पर जिलाध्यक्ष और शहर अध्यक्ष को बदलने की चर्चा जोर पकड़ रही है। मेहुल मारू ने शहर अध्यक्ष के लिए दावेदारी कर राजनीति को गरमा दिया है। मारू शहर युवक कांग्रेस के अध्यक्ष भी रहे हैं। वह लोकसभा युवक कांग्रेस के अध्यक्ष पद पर सुशोभित हो चुके हैं। वर्तमान में वह प्रदेश कांग्रेस के सचिव के पद पर सांगठनिक पद पर बढ़-चढक़र कार्य कर रहे हैं।

बताया जा रहा है कि कांग्रेस के भीतर एक बड़े बदलाव के आसार बढ़ गए हैं। इसी के तहत शहर अध्यक्ष के लिए मारू ने अपना दावा ठोक दिया है। बैज के साथ मारू के अच्छे रिश्ते हैं। इससे पहले उन्होंने शहर पहुंचने पर बैज का अपने समर्थकों के साथ जोशीला स्वागत किया।

मेहुल लगातार कांग्रेस के हर गतिविधियों से जुड़े हुए हैं। माना जा रहा है कि जल्द ही प्रदेश के कई जिला और शहर अध्यक्ष की जगह नई नियुक्ति हो सकती है। मारू का प्रदेश के कई नेताओं से मजबूत राजनीतिक संबंध है। मारू की राजनीतिक पृष्ठभूमि काफी सशक्त है। ऐसे में उनके  दावे को हल्के में नहीं लिया जा सकता। शहर अध्यक्ष के लिए कुछ और पदाधिकारियों ने भी अपनी दावेदारी की है।


अन्य पोस्ट