राजनांदगांव

पेड़ के बिना हमारा अस्तित्व नहीं है - कलेक्टर कलेक्टर ने सुखरी में लगाया आम का पौधा
03-Aug-2024 4:22 PM
पेड़ के बिना हमारा अस्तित्व नहीं है - कलेक्टर  कलेक्टर ने सुखरी में लगाया आम का पौधा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
राजनांदगांव, 3 अगस्त।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने शुक्रवार को डोंगरगांव के ग्राम सुखरी के नवीन शासकीय उद्यान रोपणी सुखरी में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण एवं पौधा वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए। कलेक्टर अग्रवाल ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत नवीन शासकीय उद्यान रोपणी सुखरी में आम का पौधा लगाया। 

उन्होंने पोषण बाड़ी निर्माण के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, महिलाओं एवं ग्रामीणों को 5 प्रकार के फलदार पौधे, 5 प्रकार की सब्जी बीज एवं वर्मी खाद का वितरण किया। इसके साथ ही महतारी वंदन योजना से लाभान्वित महिलाओं को भी एक-एक पौधा वितरण किया। नवीन शासकीय उद्यान रोपणी सुखरी में विभिन्न किस्म के 750 आम के पौधे, 100 से अधिक अमरूद, नीबू तथा अन्य प्रजातियों के पौधे रोपित किए गए। 

कलेक्टर श्री अग्रवाल ने कहा कि प्रकृति हमें जीवन देती है, इससे हम सभी का जुड़ाव होना चाहिए। उन्होंने कहा कि पेड़ के बिना हमारा अस्तित्व नहीं है। उन्होंने कहा कि बच्चों के भविष्य को संवारने सोचना और समझना होगा। अभी जितना अधिक पेड़ लगाएंगे हमारी आने वाली पीढ़ी के लिए उतना ही अच्छा वातावरण दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि पानी का संरक्षण बहुत जरूरी है। भू-जल स्तर लगातार नीचे चला जा रहा है। इसे रोकने उपाय करना बहुत जरूरी है। 

उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि कम पानी उपयोग वाली फसलों का उत्पादन करें, जिससे भू-जल स्तर बना रहेगा। 
भू-जल स्तर बनाए रखने खाली जगहों में पेड़ लगाने कहा। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण के लिए तालाब, परकोलेशन टैंक, डबरी निर्माण जैसे कार्य करना चाहिए। उन्होंने ग्रामीणों को गांव में स्वच्छता बनाए रखने कहा। घरों से निकलने वाले गीला एवं सूखा कचरे को स्वच्छता दीदियों को देने कहा। जिससे गांव के गली-मोहल्ले में गंदगी नहीं होगी। उन्होंने कहा कि गंदगी से कई प्रकार की बीमारियां फैलती है इससे बचना चाहिए।

इस अवसर पर अध्यक्ष जनपद पंचायत डोंगरगांव टीकेश साहू, सरपंच सुरेन्द्र गोस्वामी, एसडीएम डोंगरगांव श्रीकांत कोर्राम, कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास गुरूप्रीत कौर, सहायक संचालक उद्यानिकी राजेश शर्मा, महिलाएं एवं ग्रामीणजनों ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत नवीन शासकीय उद्यान रोपणी सुखरी में पौधरोपण किया। 
 


अन्य पोस्ट