राजनांदगांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 2 अगस्त। लोकसभा में पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर द्वारा राहुल गांधी की जाति को लेकर की गई टिप्पणी के विरोध में स्थानीय कांग्रेसी नेताओं ने शुक्रवार को मानव मंदिर चौक में पुतला फूंका।
कांग्रेसियों का आरोप है कि भारत की संस्कृति के खिलाफ ठाकुर ने टिप्पणी की है। इसकी निंदा हर कोई कर रहा है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि भारत की संस्कृति में जात-पात के लिए कोई जगह नहीं है। ठाकुर ने ऐसा प्रश्न कर अपनी कुंठित विचारधारा और नकारात्मक सोच को जाहिर किया है।
स्थानीय मानव मंदिर चौक में पुतला फूंकने के दौरान ठाकुर के खिलाफ कांग्रेसियों ने नारेबाजी की। पूर्व केंद्रीय मंत्री ठाकुर ने सदन में जाति जनगणना की मांग करने पर राहुल गांधी के खिलाफ जाति का पता नहीं होने की बात कही। जिससे सियासत गरमा गई है।
शहर कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष सूर्यकांत जैन ने बताया कि राहुल गांधी सर्वमान्य नेता हैं। उनकी जाति को लेकर टिप्पणी करना एक अपमानजनक मसला है। कांग्रेस इस टिप्पणी के खिलाफ एकजुट होकर ठाकुर से माफी मांगने की मांग कर रही है।
पुतला फूंकने के दौरान महापौर हेमा देशमुख, मेहुल मारू, नीरज कन्नौजे, अमित चंद्रवंशी, अभिमन्यु मिश्रा, मानव देशमुख, मनीष गौतम समेत अन्य लोग शामिल थे।