राजनांदगांव

एक ही दिन में आधा दर्जन को लावारिस कुत्ते ने काटा
28-Jul-2024 4:02 PM
एक ही दिन में आधा दर्जन   को लावारिस कुत्ते ने काटा

 3-4 दिनों के भीतर 18 पर हमला, लोगों में दहशत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 28 जुलाई। राजनांदगांव शहर के व्यापारिक क्षेत्र गंज लाईन इलाके में एक लावारिश कुत्ते ने आतंक मचाया हुआ है। रविवार को सुबह से दोपहर के बीच कुत्ते ने 5 लोगों पर हमला कर दिया। वहीं बीते 3-4 दिनों के भीतर 18 राहगीरों को कुत्ते ने काटकर घायल कर दिया। कुत्ते के आतंक से इलाके में दहशत व्याप्त है। इस बीच नगर निगम की टीम कुत्ते को पकडऩे तलाश कर रही है। क्षेत्र के लोगों में  नाराजगी भी है।

 वजह यह है कि कुत्ते के आतंक को लेकर लगातार निगम के अफसरों को जानकारी दी जा रही थी। आज सुबह एक युवती पर कुत्ते ने हमला कर दिया। जिससे वह बुरी तरह से जख्मी हो गई। मिली जानकारी के अनुसार इधर नगर निगम की टीम भी मौके पर पहुंचकर कुत्ते की जानकारी लेकर पकडऩे की कोशिश कर रही है। खबर लिखे जाने तक  निगम की टीम उक्त कुत्ते को पकडऩे मशक्कत करने में जुटी हुई है। इधर वार्ड पार्षद मधु बैद भी मौके पर पहुंचकर लोगों से जानकारी ले रही है। वहीं पीडि़तों को लेकर अस्पताल भिजवाने की व्यवस्था में जुटी हुई है।

 झुंड से खतरा

देर रात कार्य से घर लौटने वाले लोगों को अक्सर  आवारा कुत्तों का सामना करना पड़ता है। कई बार आवारा कुत्ते मोटर साइकिल पर जा रहे लोगों के पीछे पड़ जाते हैं। वहीं पैदल चलने वालों पर भी हमला कर देते हैं। आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या से शहर में कुत्तों का अब झुंड भी नजर आने लगा है।

 लोगों को बना रहे निशाना

 बारिश के दिनों में शहर के कई क्षेत्रों में आवारा कुत्तों के बढ़ते हमले की वजह से लोगों में दहशत का माहौल है। शहर के नंदई, लखोली, कन्हारपुरी, बसंतपुर, तुलसीपुर, स्टेशनपारा, नवागांव, नया ढ़ाबा समेत अंदरूनी इलाकों में आवारा कुत्ते अक्सर लोगों पर हमला करते हैं।


अन्य पोस्ट