राजनांदगांव

नौकरी लगाने लिए 2 लाख 70 हजार, जुर्म दर्ज
14-Jul-2024 1:06 PM
नौकरी लगाने लिए 2 लाख 70 हजार, जुर्म दर्ज

जिसके लिए रकम दी, कैंसर से हुई मौत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
राजनांदगांव, 14 जुलाई।
राजनांदगांव शहर के शिक्षक नगर के रहने वाले एक दंपत्ति नौकरी लगाने के नाम पर धोखाधड़ी का शिकार हुआ है। दुर्भाग्यवश जिस महिला के लिए पति ने रकम दिया था, उसकी कैंसर से मौत हो गई। पति ने रकम वापस नहीं मिलने पर नांदगांव के एक युवक के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया है।

मिली जानकारी के मुताबिक शिक्षक नगर के रहने वाले संजय यादव का बसंतपुर निवासी शशीकांत देवांगन से जान-पहचान थी। शशीकांत ने संजय यादव की पत्नी चंद्रप्रभा को मेकाहारा रायपुर के अस्पताल में एएनएम की नौकरी लगाने का भरोसा दिया। इसके एवज में शशीकांत ने रुपए की मांग की। अलग-अलग किस्तों में प्रार्थी ने एडवांस के तौर पर 90 हजार और मुथुट कंपनी से गोल्ड लोन लेकर 50 हजार रुपए दिए। 

आरोपी ने स्वास्थ्य विभाग के आलाधिकारियों से अच्छी जान-पहचान का हवाला देकर पीडि़त को अपने झांसे में लिया। आरोपी ने समय-समय पर रकम ऊपर भेजने की बात कहकर कुल 2 लाख 70 हजार रुपए ले लिए।  इस बीच पत्नी कैंसर से ग्रस्त हो गई।

पीडि़त ने इलाज के लिए रकम की जरूरत होने पर आरोपी से रुपए की मांग की। इसके बावजूद आरोपी टालमटोल करता रहा। बताया जा रहा है कि रुपए नहीं मिलने से परेशान होकर पीडि़त ने पुलिस में मामला दर्ज कराया है। वहीं पीडि़त की पत्नी की कैंसर से मौत भी हो गई।

पुलिस ने शिकायत की जांच की। प्रथम दृष्टया आरोपी शशीकांत देवांगन पर  लगाए आरोप सही पाए गए हैं। धारा 420 के तहत पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का पुलिस ने दावा किया है।


अन्य पोस्ट