राजनांदगांव
कार, मोटर साइकिल और अन्य वाहनों के लिए रेट तय
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 7 जून। फ्लाई ओवर के नीचे लंबे समय से बेतरतीब ढंग से वाहन खड़ा करने और गंदगी फैलाने के खिलाफ नगर निगम ने पार्किंग चार्ज लेना शुरू कर दिया है। निगम प्रशासन की ओर से अलग-अलग वाहनों के लिए रेट तय कर दिया गया है। शुल्क नहीं देने की स्थिति में निगम द्वारा वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
मिली जानकारी के अनुसार जीई रोड़ फ्लाई ओवर के नीचे साफ-सुथरा कर व्यवस्थित रखने एवं सुव्यवस्थित पार्किंग के लिए नगर निगम तथा यातायात की टीम ने अभियान चलाया था। अभियान के तहत फ्लाई ओवर के नीचे गुरूद्वारा चौक से महावीर चौक और पोस्ट ऑफिस चौक से भगत सिंह चौक तक ठेला व गुमटी तथा खड़े वाहन हटाने वाहन मालिकों को समझाईस दी गई थी। इधर नगर निगम ने फ्लाई ओवर के नीचे पार्किंग स्थल को व्यवस्थित कर छोटे और बड़े वाहनों के लिए दर भी निर्धारित कर दिया है। जिसमें दोपहिया वाहन से प्रथम 6 घंटे की दर 10 रुपए और उससे अधिक होने पर 20 रुपए, चार पहिया वाहन सवारी से छह घंटे के लिए 20 रुपए और छह घंटे से अधिक होने पर 50 रुपए तथा चार पहिया वाहन मालवाहक से छह घंटे की दर 50 रुपए तथा छह घंटे से अधिक होने पर 100 रुपए का दर निर्धारित किया है। वहीं पार्किंग शुल्क सुबह 9 से रात्रि 9 बजे तक प्रभावशील रहेगा। साथ ही 9 बजे के पहले वाहन ले जाना अनिवार्य किया गया है।


