राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 7 जून। शहर के गौरवपथ स्थित हॉकी के जादूगर स्व. मेजर ध्यानचंद की स्मारक स्थल में लगे रेलिंग को बीते दिनों असामाजिक तत्वों द्वारा चोरी करने का प्रयास किया गया था। इस कारण मूर्ति स्थल में लगे रेलिंग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। साथ ही स्व. मेजर ध्यानचंद, ऐरमन बेस्टिन (ओलंपियन) तथा प्रसिद्ध हॉकी खिलाड़ी आरएन पटेल की प्रतिमा के साथ-साथ पीछे का बैकग्राउंड भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। इस घटना को लेकर जिला हॉकी संघ के पदाधिकारियों ने कलेक्टोरेट पहुंचकर कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर संयुक्त कलेक्टर सीएल मार्कंडेय को सौंपा और चर्चा की। इस पर कलेक्टर द्वारा गौरवपथ स्थित स्व. मेजर ध्यानचंद की स्मारक स्थल को जल्द से जल्द मरम्मत करने नगर निगम को निर्देशित किया।
वहीं जिला हॉकी संघ के पदाधिकारियों ने एएसपी राहुल देव शर्मा से भी इस कृत्य के लिए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर करने की मांग करते चर्चा की।
श्री शर्मा ने अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा किए गए इस कार्य के लिए बसंतपुर थाना प्रभारी को आदेशित करते जल्द से जल्द कार्रवाई करने के लिए कहा। ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष फिरोज अंसारी, सचिव शिवनारायण धकेता, उपाध्यक्ष भूषण साव, पूर्व अध्यक्ष नीलमचंद जैन, अनुराज श्रीवास्तव, प्रिंस भाटिया शकील अहमद, आशीष सिन्हा, अमित वर्मा, कृष्ण यादव आदि उपस्थित थे।


