राजनांदगांव

सरकार बदलते ही भाजपा ने दिखाया पावर गेम, नाराज कांग्रेस पार्षदों ने भाजपा से मिलाया हाथ
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 28 मई। डोंगरगढ़ में भी नगर पालिका की कुर्सी में काबिज कांग्रेस अध्यक्ष को अविश्वास प्रस्ताव के जरिये हटाए जाने की कवायद शुरू हो गई है। अध्यक्ष से नाराज चल रहे कांग्रेसी पार्षदों ने कथित रूप से भाजपा पार्षदों के साथ हाथ मिला लिया है। नगर पालिका के 14 पार्षदों ने अध्यक्ष को हटाने के लिए कलेक्टर को पत्र सौंपा है। अगले 10 दिनों में नगर पालिका की कुर्सी को लेकर काफी उठापटक रहेगी।
राज्य में सत्ता में काबिज होते ही भाजपा ने अपना पावर गेम दिखाना शुरू कर दिया है। डोंगरगढ़ में कांग्रेस के सुदेश मेश्राम पिछले साढे 4 वर्षों से अध्यक्ष की कुर्सी पर काबिज हैं। अविश्वास प्रस्ताव लाने की खबर मिलते ही कांग्रेस भी कुर्सी बचाने के लिए जोड़-तोड़ में लग गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को कलेक्टर के समक्ष भाजपा के 14 पार्षदों ने धारा 43(क) छत्तीसगढ़ नगर पालिका अधिनियम 2019 का हवाला देते क्षेत्र में 6 बुनियादी समस्याओं को गिनाते इस अविश्वास प्रस्ताव लाया है।
भाजपा पार्षदों की माने तो पालिका अध्यक्ष सुदेश मेश्राम द्वारा साढ़े 4 साल के शासनकाल में कमीशनखोरी को चरम पर रखा गया। विकास कार्यों में पक्षपाती रूप अपनाया जा रहा था। विकास कार्यों के टेंडर प्रक्रिया में भी भारी कमीशनखोरी के आरोप भाजपा द्वारा लगाए गए हैं। उनकी माने तो हर तीन माह में सामान्य सभा की बैठक होनी थी, परन्तु अध्यक्ष द्वारा जानबूझकर नहीं कराई गई। विपक्ष के पार्षदों द्वारा दो बार विशेष सभा आयोजित करने का निवेदन किया गया। इस पर भी अध्यक्ष ने सुस्ती दिखाई।
पार्षद ने कलेक्टर को दिए पत्र में शहर के स्वच्छता अभियान पर भी सवाल किया। उन्होंने पत्र के माध्यम से कलेक्टर को बताया कि अध्यक्ष के नाकामी के कारण ही पालिका में सफाई व्यवस्था का बुरा हाल है। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना में हितग्राहियों के खाते में किस्त डालने में भी पक्षपाती रूप अपनाया गया। इन्हीं सब मुद्दों को लेकर भाजपा पार्षदों में काफी ज्यादा असंतोष था। जिस कारण ही यह अविश्वास प्रस्ताव उनके द्वारा लाया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार भाजपा पार्षदों ने सोमवार को पालिका के सभाकक्ष में एकजुट होकर एक बार फिर अविश्वास प्रस्ताव पर हस्ताक्षर किए। जिसके बाद पालिका में गहमा-गहमी देखी गई।
इस दौरान एक ओर जहां उपाध्यक्ष अपने भाजपा पार्षदों को साथ लेकर बैठे थे, वहीं दूसरी ओर अध्यक्ष के कक्ष में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजय राज सिंह चौहान, हरीश भंडारी, मनोहर कंडरा, ऋषि शर्मा शामिल होकर मंथन कर रहे थे।