राजनांदगांव

फ्लाई ओवर के नीचे अवैध कब्जा हटाने निगम ने शुरू किया अभियान
27-May-2024 3:52 PM
फ्लाई ओवर के नीचे अवैध कब्जा हटाने निगम ने शुरू किया अभियान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 27 मई। शहर के फ्लाई ओवर के नीचे सोमवार से निगम ने पुलिस की मदद से बेजा कब्जा करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। फ्लाई ओवर के नीचे खाली पड़े जगहों को पार्किंग के लिए चिन्हांकित किया गया था। पार्किंग की कमी के चलते  बाजार पर दबाव बढ़ा है। ऐसे में अब निगम प्रशासन ने ठेले-खोमचे में व्यापार करने वाले कारोबारियों के कब्जे को मुक्त कराया।

लगातार निगम प्रशासन की ओर से अल्टीमेटम दी जा रही थी। फ्लाई ओवर के दोनों छोर में व्यापारियों का कब्जा रहा है। नगर निगम ने आज बेजा कब्जा हटाकर पार्किंग के लिए एक समुचित व्यवस्था बनाई है। हालांकि निगम की ओर से की गई कार्रवाई को लेकर विवाद भी हो रहा है। छोटे कारोबारी कार्रवाई को लेकर विरोध में उतर आए  हैं। शहर में पार्किंग की कमी के चलते बाजार-हाट पर विपरीत दबाव बढ़ा है।

खासतौर पर जयस्तंभ चौक, गुडाखू लाईन, मानव मंदिर चौक एवं अन्य व्यापारिक मार्गों में पार्किंग की कमी से यातायात व्यवस्था बिगड़ती रही है। शाम के वक्त हालात और बदतर हो जाते हैं। यातायात विभाग की ओर से चालानी कार्रवाई भी की जा रही है, लेकिन पार्किंग के लिए पर्याप्त जगह नहीं होने के चलते लोगों को बाजार में चार पहिया वाहन लेकर जाने के लिए मजबूर होना पड़ता है।

आज निगम प्रशासन ने सख्ती बरतते हुए कार्रवाई की है। फ्लाई ओवर को छोटे व्यापारियों के कब्जे से मुक्त कराने के लिए निगम के अफसर डटे रहे। वहीं पुलिस भी कार्रवाई में शामिल रही।


अन्य पोस्ट