राजनांदगांव

नौतपा में उमस के साथ चुभती धूप से झुलसे लोग
26-May-2024 1:34 PM
नौतपा में उमस के साथ चुभती धूप से झुलसे लोग

बढ़ते पारा से असहनीय बनी गर्मी, एसी-कूलर बना सहारा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 

राजनांदगांव, 26 मई। नौतपा के पहले और दूसरे दिन उमस के साथ चुभती धूप ने लोगों को झुलसा कर रख दिया है। बढ़ते तापमान से लोगों के लिए गर्मी असहनीय बन गई है। एसी, कूलर का सहारा लेकर किसी तरह लोग गर्मी से बच रहे हैं, लेकिन एक वर्ग ऐसा है जिसे पंखों से भी राहत नहीं मिल रही है। गरीब तबके लोगों को पंखों से निकल रही गर्म हवाओं को झेल रहे हैं। 

नौतपा का पहला दिन काफी गर्म रहा। आज दूसरा दिन भी बढ़ते तापमान के कारण उबाल  लेकर लोगों को परेशान करते रहा। 
बताया जा रहा है कि सूर्य की सीधी पड़ रही किरणों से लोग हलाकान है। उमस ने गर्मी को दोगुना कर दिया है। राजनांदगांव जिले में तापमान 41 से 42 डिग्री के बीच स्थित है। दो जून तक नौतपा रहेगा। ऐसे में अगले एक सप्ताह तक भीषण गर्मी पडऩे का अंदेशा जताया जा रहा है।       

बताया जा रहा है कि नौतपा के सभी 9 दिन तापमान ऊंचाई पर रहेगा। इस दौरान मामूली रूप से मौसम का मिजाज बदल सकता है।  गर्मी के कारण लोगों को कई तरह के उपाय करना पड़ रहा है। महिलाएं जरूरी कामकाज के लिए छाता लेकर बाहर निकल रही है। वहीं उम्रदराज लोगों को गमछा और अन्य उपाय करना पड़ रहा है। गर्म हवाओं के कारण दिन का तापमान काफी परेशान करने वाला साबित हो रहा है। गर्मी के कारण लोगों के शरीर में पानी की कमी भी हो रही है। इसकी भरपाई के लिए ठंडे पेय पदार्थ और बर्फ से निर्मित पदार्थों का सेवन किया जा रहा है।  

नौतपा में मौसम विभाग ने हीटवेव चलने का भी अंदेशा जाहिर किया है। लू के आसार भी धीरे-धीरे बनते दिख रहे हैं। बढ़ते तापमान से लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हो रही है। दोपहर बाद व्यस्त रहने वाले मार्गों में सन्नाटा पसरने लगा है। 

मौसम विभाग का कहना है कि नौतपा समाप्त होते ही मानसून की बौछारे पडऩे लगेंगी। प्री-मानसून के छींटे पडऩे से तापमान में गिरावट आने लगेगा। 
इधर, निरंतर बढ़ रहे पारा से लोग पसीने से तरबतर हो रहे हैं, वहीं विद्युत विभाग भी लोगों की कड़ी परीक्षा ले रहा है। बिना किसी कारण के घंटों बिजली की आंख मिचौली का खेल चल रहा है। नौतपा का पहला दो दिन गर्मी के लिहाज से काफी बेचैन करने वाला साबित हुआ है।
 


अन्य पोस्ट