राजनांदगांव

मायके से ससुराल लौटते स्कूटी से गिरी, अस्पताल में मौत
21-May-2024 1:25 PM
मायके से ससुराल लौटते स्कूटी से गिरी, अस्पताल में मौत

पखवाड़े भर पहले हुई थी शादी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
राजनांदगांव, 21 मई।
पखवाड़ेभर पहले सात फेरे  लेने वाली  नवविवाहिता की दो दिन पहले नेशनल हाईवे टोलप्लाजा के पास सडक़ हादसे में मौत हो गई। नवविवाहिता अपने दुर्ग स्थित मायके से राजनांदगांव के चिखली स्थित ससुराल लौट रही थी। स्कूटी से देर शाम को लौटते वक्त नववधु गिर पड़ी। घायल हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

मिली जानकारी के मुताबिक सोमनी इलाके के टोलप्लाजा के समीप धर्मकांटा के पास 19 मई की शाम को पायल कश्यप पति गौरव कश्यप (33 वर्ष) अचानक अपनी स्कूटी से गिर पड़ी। घायल हालत में उसे टोलप्लाजा के कर्मियों ने सोमनी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन उसकी मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि मृतिका शिक्षका थीं। पंद्रह दिन पहले उसका विवाह राजनंादगांव चिखली के रहने वाले गौरव कश्यप  के साथ हुआ था।

वह अपने मायके दुर्ग से राजनांदगांव लौट रही थी, उसी दौरान  हादसे का शिकार हो गई। बताया जा रहा है कि मृतका के पति भी शिक्षक हैं। पखवाड़ेभर पहले वैवाहिक गठजोड़ में बंधी नववधु की मौत से ससुराल और मायका पक्ष सकते में है। दोनों परिवार में मातम छाया हुआ है।
 

 


अन्य पोस्ट