राजनांदगांव

भूपेश की रिकॉर्ड तोड़ हार तय-रमन
10-May-2024 12:27 PM
भूपेश की रिकॉर्ड तोड़ हार तय-रमन

 प्रदेश की सभी 11 सीट भाजपा के खाते में

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 

राजनांदगांव, 10 मई। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने लोकसभा चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की राजनांदगांव संसदीय क्षेत्र से रिकॉर्ड तोड़ हार होने का दावा किया है। 

उन्होंने कहा कि चुनाव संपन्न होने के बाद जो रूझान मिल रहे हैं, उसमें बघेल की हार सुनिश्चित है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह के साथ लोकसभा चुनाव में जीत का रास्ता आसान किया है। 

विधानसभा अध्यक्ष ने प्रदेश के सभी 11 सीटों में भाजपा का कब्जा होना तय बताया।  

गुरुवार को राजनांदगांव शहर के सटे सिंघोला में आयोजित साहू समाज के एक कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे डॉ. सिंह ने पिछले विधानसभा में भाजपा के मात्र 15 विधायक थे, तब भी भाजपा ने 2019 के लोकसभा चुनाव में 9 सीटों पर जीत हासिल की। प्रदेश में अब भाजपा की सरकार है और केंद्र में मोदी सरकार की तीसरी बार ताजपोशी के लिए जनता उत्साहित है। ऐसे में कहा जा सकता है कि बघेल की बुरी हार होगी। वहीं सभी सीटें भाजपा के खाते में होगी। 

सिंघोला में मां भानेश्वरी जयंती में आयोजित कार्यक्रम में बतौर अतिथि पहुंचे डॉ. सिंह ने कहा कि बघेल के खिलाफ राजनांदगांव की जनता का रूख विरोधी रहा है। 

उन्होंने सवाल उठाए कि कांग्रेस ऐसे शख्स को रायबरेली में चुनाव पर्यवेक्षक नियुक्त कर रही है, जिनके खिलाफ छत्तीसगढ़ में माहौल रहा। कांग्रेस के पास कार्यकर्ताओं की कमी है। जिसके चलते बघेल को बुलाया गया है। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि समूचे देश में 400 सीट का नारा सार्थक यथार्थ में बदलने जा रहा है।


अन्य पोस्ट