राजनांदगांव

भाजपा ने विजय संकल्प दिवस मनाया
31-Mar-2024 3:24 PM
भाजपा ने विजय संकल्प दिवस मनाया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 31 मार्च।
राजनांदगांव संसदीय क्षेत्र के सभी भाजपा मंडलों में शनिवार को विजय संकल्प अभियान प्रारंभ किया गया। जिसके तहत सभी मतदान केंद्र के भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने घरों में भाजपा का झंडा लगाकर विजय का संकल्प लिया।  अभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ता बूथ केंद्र के घरों मे जाकर भाजपा का झंडा लगाने का कार्य कर रहे हैं।

भाजपा मीडिया सेल के अनुसार प्रदेश महामंत्री भरत वर्मा, जिला अध्यक्ष रमेश पटेल, भाजपा नेता बन्टी भाटिया ने अपने घरों में भाजपा का झंडा फहराकर आम नागरिकों से कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने अपने 10 वर्षों के शासनकाल में देश का गौरव ही नहीं बढ़ाया, बल्कि देश को आर्थिक व सामरिक दृष्टि से भी मजबूत बनाया है। इससे पूरी दुनिया में भारतीयों का सिर गर्व से ऊंचा हो गया है। भाजपा नेताओं ने क्षेत्र की जनता से एक बार फिर मोदी सरकार बनाने की अपील करते कहा कि मोदी सरकार का तीसरा कार्यकाल बड़े-बड़े  फैसलों का होगा। जिससे देश की उन्नति का मार्ग प्रशस्त होगा।  इसके लिए आवश्यक है कि क्षेत्र की जनता भाजपा प्रत्याशी संतोष पाण्डेय को बहुमत से विजय बनाएं।
 


अन्य पोस्ट