राजनांदगांव

कार्यकर्ता मोदी व प्रदेश सरकार के कार्यों के साथ जनता के बीच जाएंगे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 31 मार्च। राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र के संयोजक व पूर्व सांसद मधुसूदन यादव ने कहा कि हम सकारात्मक मतों के लिए जनता के बीच जाएंगे। पिछले 10 वर्षों से नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत नई आशा और उमंग से आगे बढ़ रहा है। 2014 में जब नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपानीत एनडीए सरकार ने जब सत्ता संभाली, उस समय देश भ्रष्टाचार, नीतिपंगुता, लचर व्यवस्था, महंगाई, बेरोजगारी की परिचायक कांग्रेसनीत यूपीए गठबंधन की सरकार से त्रस्त और हताश हो चुका था। भारत की प्रगति थम गई थी। 2004 में भारत विश्व की 11वीं अर्थव्यवस्था में शामिल था और 10 साल के बाद जब जनता ने कांग्रेसनीत यूपीए गठबंधन को उखाड़ फेंका, तब भारत में अर्थशास्त्री प्रधानमंत्री होने के बावजूद भी 11वें नम्बर पर ही था।
भाजपा मीडिया सेल के अनुसार श्री यादव ने कहा कि आज 2024 में भाजपानीत एनडीए गठबंधन की सरकार में भारत विश्व की पांच बड़ी अर्थव्यवस्था में शुमार हो चुका है। आज भारत विश्व स्तरीय आधारभूत संरचना के विकास, आधुनिक रेल्वे स्टेशन, वंदे भारत ट्रेन, स्टार्टअप, मेक इन इंडिया, सदृढ़ सेना, समृद्ध किसान और नए भारत में युवाओं के साकार होते सपनों का देश बन चुका है। उन्होने कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा कार्यकर्ता केन्द्र सरकार के कामों को लेकर जा रहा हैं। मुद्दाविहीन विपक्ष जहां अर्नगल प्रलाप और गुमराहवादी राजनीति में व्यस्त है। वहीं भाजपा सकारात्मक राजनीति को लेकर जनआशीर्वाद मांग रही है। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी संतोष पांडे को भारी मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया ।