राजनांदगांव

भारत को विश्व गुरु बनाने यह चुनाव सबसे बड़ी चुनौती है-जामवाल
31-Mar-2024 2:52 PM
भारत को विश्व गुरु बनाने यह चुनाव सबसे बड़ी चुनौती है-जामवाल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
राजनांदगांव, 31 मार्च।
भाजपा राजनांदगांव संसदीय क्षेत्र के आठों विधानसभा क्षेत्र की कोर कमेटी व लोकसभा चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक खैरागढ़ और राजनांदगांव में आहुत की गई। बैठक में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल और भाजपा के संगठन महामंत्री पवन साय का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। 

भाजपा मीडिया सेल के अनुसार स्थानीय महाजनवाड़ी में आयोजित बैठक में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री श्री जामवाल ने कहा कि भाजपा का कार्य ईश्वरीय कार्य है, हम राजनीति में सत्ता सुख प्राप्त करने के लिए नहीं, बल्कि भारत को परम वैभव के शिखर पर ले जाने हेतु स्थापित किया करते हैं। भारत में वर्षों से गरीबी एवं भ्रष्टाचार फैला हुआ था, जिसे मिटाकर भारत को पुन: विश्व गुरु बनाने आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को लेकर केंद्र में विगत 10 वर्षों से मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार कार्यरत है, जो देश के भ्रष्टाचार एवं गरीबी को मिटाने दृढ़ संकल्पित है।

उन्होंने कहा कि  बूथ जीते तो चुनाव जीते, इसलिए हम सभी इस अनुकूल माहौल में कहीं चूक न जाए, इसका ध्यान रखना जरूरी है, मेरा बूथ सबसे मजबूत को ध्यान में रखते प्रत्येक कार्यकर्ता को चुनावी समर में जुट जाना है। उन्होंने कहा कि 2024 का चुनाव कार्यकर्ताओं के लिए बहुत बड़ी चुनौती है, इसलिए उन्होंने सुझाव दिया की बूथ कमेटी के विभिन्न बिंदुओं पर अगर कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने बूथ पर कार्य किया तो हम पिछले चुनाव से इस चुनाव में दुगनें वोटों से अवश्य जीतेंगे। 

बैठक को संगठन मंत्री पवन साय ने संबोधित करते संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की एवं लोकसभा चुनाव की तैयारी के संदर्भ में कार्यकर्ताओं से जानकारी ली। जिसके तहत कार्यालय प्रभारी, कॉल सेंटर प्रभारी, वाहन व्यवस्था प्रभारी, प्रचार सामग्री प्रभारी, हिसाब किताब यात्रा प्रभारी और न्यायिक प्रक्रिया सहमति प्रभारी, मतगणना की दृष्टि से नियोजन प्रभारी, घोषणा पत्र समिति प्रभारी, वीडियो रथ प्रभारी, विशेष संपर्क अभियान एवं विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की। श्री साय ने बताया कि प्रत्येक नागरिक और प्रत्येक कार्यकर्ता भाजपा द्वारा बनाए जा रहे राष्ट्रीय संकल्प पत्र में अपने महत्वपूर्ण सुझाव प्रेषित कर सकते हैं, सुझाव को घोषणा पत्र में शामिल किया जाएगा। इस हेतु भाजपा कार्यकर्ता आम जनों से सुझाव लेकर पार्टी कार्यालय को प्रेषित करें।

बैठक में लोकसभा चुनाव संयोजक मधुसूदन यादव ने अभी तक के कार्यों की विस्तार से जानकारी देते बताया कि आठों विधानसभा में कार्यालय प्रारंभ हो चुके हैं, लाभार्थी संपर्क अभियान चल रहा है, पार्टी के मोर्चा एवं प्रकोष्ठों सम्मेलन हो चुका है, महिला मोर्चा की बैठकर संपन्न हो चुकी है। विधानसभा स्तरीय सम्मेलन संपन्न हो चुके हैं, सभी विधानसभा में कोर ग्रुप की बैठकर भी संपन्न हो चुकी हैं। बैठक में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री व गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि आज मोदी के नेतृत्व में भारत ब्रह्मास्त्र मिसाइल निर्यात कर रहा है, एम्स अस्पताल की संख्या में बढ़ोत्तरी  हुई है, लाभार्थियों की दृष्टि से दुनिया में सबसे बड़ा कार्य मोदी सरकार ने किया है। 

बैठक का संचालन दिनेश गांधी ने किया एवं अंत में भूपेंद्र सावनी ने कार्यकर्ताओं को विभिन्न जानकारियां प्रेषित की। इस अवसर पर चारों विधानसभा के कोर कमेटी एवं लोकसभा प्रबंध समिति के महत्वपूर्ण कार्यकर्ता उपस्थित थे।
 


अन्य पोस्ट