राजनांदगांव

बदले मौसम से गर्मी से राहत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 19 मार्च। मार्च के दूसरे सप्ताह में मौसम ने करवट बदली है। सोमवार देर शाम को जहां तेज अंधड़ चली। वहीं मंगलवार को सुबह बूंदाबांदी हुई। हालांकि सोमवार देर शाम को भी तेज बूंदों के साथ बारिश हुई। मौसम के बदले रूख से फिलहाल गर्मी से लोगों को राहत मिल रही है। वहीं तापमान तेजी से लुढक़ गया है। मार्च का पहला पखवाड़ा तेज गर्मी वाला रहा। तापमान लगभग 37-38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था।
मौसम विभाग ने बारिश होने की संभावना भी जाहिर की थी। बताया जा रहा है कि एक चक्रवाती सिस्टम पश्चिमी विदर्भ और आसपास के क्षेत्र में बना हुआ है। एक द्रोणिका झारखंड से लेकर ओडिशा होते हुए उत्तरी तटीय आंध्रप्रदेश तक फैली हुई है। इसके कारण मौसम में बदलाव हुआ है। इस बीच जिले के पठारी इलाकों में ओलावृष्टि भी हुई। वहीं कई इलाकों में पेड़ भी धराशाही हो गए। हालांकि जनहानि की खबर नहीं है। अगले 36 घंटों में मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा। तेज अंधड़ और बिजली के साथ वज्रपात की भी मौसम विभाग ने आशंका जाहिर की है। भीषण गर्मी से लोगोंं को फिलहाल राहत मिल रही है। मौसम के साफ होते ही फिर से गर्मी उग्र तेवर के साथ कहर बरपा सकती है। खराब मौसम के कारण लोगों की सेहत पर भी असर पडऩे का अंदेशा गहरा गया है। ग्रीष्मकालीन कारोबार से जुड़े लोगों को नुकसान होने की चिंता है।
लस्सी, गन्नारस समेत अन्य शीतलपेय पदार्थ के कारोबार पर भी विपरीत असर पड़ा है। बताया जा रहा है कि मौसम का मिजाज अगले एक-दो दिन तक इसी तरह रहेगा। ठंडी हवाओं के चलने से गर्मी दिन में नदारद हो गई है। दिनभर बादलों और सूरज के बीच लुकाछिपी भी रही। आज दिनभर आसमान में काले बादल छाए रहे। दिन की शुरूआत में हुई बूंदाबांदी कुछ हिस्सों तक सीमित रही।