राजनांदगांव

मध्यप्रदेश के किसानों ने किया कृषि विज्ञान केंद्र का भ्रमण
10-Feb-2024 2:38 PM
मध्यप्रदेश के किसानों ने किया  कृषि विज्ञान केंद्र का भ्रमण

विभिन्न किस्मों की उत्पादन तकनीकी पर दी जानकारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 10 फरवरी
। मध्यप्रदेश राज्य के शहडोल एवं डिंडोरी जिले के करंजिया, डिंडोरी, बजाग एवं अमरपुर विकासखंड के लगभग 100 बड़े एवं मध्यम वर्गीय कृषकों ने 8 एवं 9 फरवरी को कृषि विज्ञान केंद्र सुरगी राजनांदगांव का भ्रमण किया। मध्यप्रदेश राज्य के किसानों ने छत्तीसगढ़ राज्य में उन्नत कृषि तकनीकी एवं फसलों की विभिन्न किस्मों की उत्पादन तकनीकी का जायजा लिया।

कृषि विज्ञान केंद्र राजनांदगांव की वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. गुंजन झा के मार्गदर्शन में सर्वप्रथम कृषि विज्ञान केंद्र में सभी किसानों का स्वागत किया गया। वैज्ञानिक मृदा विज्ञान अंजली धृतलहरे ने किसानों को प्राकृतिक खेती जीवामृत, बीजामृत के  बारे विस्तृत जानकारी प्रदान की। 

वैज्ञानिक कृषि अभियांत्रिकी डॉ. अतुल डांगे द्वारा सीड् हब एवं सीड् ग्रेडिंग मशीन के बारे में जानकारी दी गई। वैज्ञानिक सस्य विज्ञान मनीष कुमार सिंह द्वारा जैविक खेती के महत्वों को बताया गया। वैज्ञानिक मौसम विज्ञान सुरभि जैन द्वारा कृषि में मौसम को प्रभावित करने वाले विभिन्न तत्वों के बारे में जानकारी दी गई। वैज्ञानिक कृषि विस्तार डॉ. योगेंद्र श्रीवास ने लघु धान्य फसलों व कार्यक्रम सहायक पौधरोग जितेंद्र कुमार मेश्राम द्वारा ऑयस्टर मशरूम उत्पादन तकनीक की जानकारी प्रदान की गई। साथ ही प्रक्षेत्र प्रबंधक आशीष शुक्ला द्वारा प्रक्षेत्र का भ्रमण कराया। जिसमें प्रक्षेत्र की विभिन्न इकाईयां जैसे मौसम वेद्यशाला, सीड् ग्रेडिंग, मशरूम, मुर्गी पालन, मछली पालन, वर्मी खाद इकाई व बीज उत्पादन की विस्तृत जानकारी दी गई।


अन्य पोस्ट